इस साल 2024 के अंतिम महीना दिसंबर की शुरुआत हो चुकी है। इसी के साथ ही ये साल भी अपने अंतिम पड़ाव में पहुंच चुका है। इस साल कई बड़ी फिल्में रिलीज हुईं, जिन्होंने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। बॉलीवुड में ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘फाइटर’ से 2024 की शुरुआत हुई। मूवी ने अच्छी खासी कमाई की। इस साल हिंदी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट कार्ड ठीकठाक रहा। वहीं, साउथ की कई बड़ी फिल्में रिलीज हुईं, जिसने धुआंधार कमाई की। उनके आगे बॉलीवुड का भी सिक्का नहीं चल पाया। ऐसे में चलिए आपको 2024 की महंगी फिल्मों के बारे में बताते हैं, जिनके आगे कोई नहीं टिक पाया।
गुंटूर कारम
2024 की शुरुआत ‘गुंटूर कारम’ के साथ हुई। इसमें महेश बाबू और एक्ट्रेस श्रीलीला ने लीड रोल प्ले किया था। ये तेलुगु फिल्म थी। IMDB की रिपोर्ट की मानें तो इसका बजट 110 करोड़ था। फिल्म ने इंडिया में 115.2 करोड़ का कलेक्शन किया था और वर्ल्डवाइड 170.3 करोड़ बिजनेस किया था। इसके बाद इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से रिलीज किया था, जिस पर भर-भरकर व्यूज मिले थे।
द गॉट लाइफ
‘द गॉट लाइफ’ साल 2024 की बहुचर्चित फिल्मों में से एक रही है। ये एक मलयालम फिल्म थी, जिसका निर्माण 25 करोड़ के बजट में किया गया। IMDB की रिपोर्ट की मानें तो ये सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्म रही थी। इसने वर्ल्डवाइड 156.8 करोड़ तो इंडिया में 79.5 करोड़ का बिजनेस किया था। इसमें पृथ्वीराज सुकुमारन ने लीड रोल प्ले किया था। इसे 28 मार्च, 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया था। इसके साथ तबू, करीना कपूर और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘क्रू’ और ‘स्वतंत्र वीर सावरकर’ को रिलीज किया गया था। इन दोनों ही फिल्मों को ‘द गॉट लाइफ’ ने पीछे छोड़ दिया था।
अरनमनई 4
राशि खन्ना और तमन्ना भाटिया स्टारर हॉरर ड्रामा फिल्म ‘अरनमनई 4’ भी इस साल की बहुचर्चित और मोस्टअवेटे फिल्मों में से एक रही है। 30 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर वर्ल्डवाइड 100.3 करोड़ का बिजनेस किया था। IMDB की रिपोर्ट की मानें तो फिल्म ने इंडिया में 66.3 करोड़ की कमाई की थी। फिल्म ब्लॉकबस्टर रही थी। ये ओटीटी प्लेटफॉर्म डिज्नी प्लस हॉटस्टार पर उपलब्ध है।
अमारन
तमिल की सुपर ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘अमारन’ ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध है। ये इंडियन आर्मी के मेजर मुकुंद वर्धराजन की लाइफ पर आधारित है। इसमें एक्टर शिवाकार्तिकेयन और साई पल्लवी ने अहम भूमिका प्ले की है। IMDB के मुताबिक फिल्म का बजट 70 करोड़ था। जबकि, इसका इंडिया कलेक्शन 203.1 करोड़ और वर्ल्डवाइड 326.5 करोड़ का बिजनेस किया था।
कल्कि 2898 एडी
तेलुगु फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ इस साल की मोस्ट अवेटेड और बड़े बजट की सबसे महंगी फिल्म रही। IMDB की मानें तो इसका बजट 375 करोड़ था जबकि फिल्म ने इंडिया में 621.8 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1019.8 करोड़ का बिजनेस किया है। ये फिल्म सुपरहिट रही थी। इसका निर्देशन नाग अश्विन ने किया था। इसमें प्रभास, दीपिका पादुकोण, दिशा पाटनी, कमल हासन और अमिताभ बच्चन जैसे सितारों ने अहम भूमिका निभाई थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर कई हिंदी फिल्मों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था और बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों को कड़ी टक्कर दी थी। इसने शाहरुख खान की ‘जवान’ के ऑल टाइम कलेक्शन इंडिया का रिकॉर्ड तोड़ दिया था।
द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम (GOAT)
थलापति विजय की फिल्म ‘द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम’ ने रिलीज के बाद बवाल ही मचा दिया था। IMDB के मुताबिक इसका बजट 240 करोड़ रहा था। जबकि इसका इंडिया कलेक्शन 246.5 करोड़ और वर्ल्डवाइड कलेक्शन 456.6 करोड़ था। इसे तमिल समेत हिंदी में भी रिलीज किया गया था। ये 2024 की हिट फिल्मों में से एक रही थी।
देवरा
जूनियर एनटीआर (Jr NTR) की फिल्म ‘देवरा पार्ट-1’ (Devera Part-1) इस साल की बहुचर्चित फिल्मों में से एक थी। IMDB की मानें तो इसका बजट 185 करोड़ था और फिल्म ने इंडिया में 277.8 करोड़ और वर्ल्डवाइड 414.1 करोड़ का कलेक्शन किया था। फिल्म कमर्शियली हिट रही थी लेकिन, इसकी माउथ पब्लिसिटी नेगेटिव हुई थी। लोगों ने इसे खास पसंद नहीं किया था। RRR की रिलीज के बाद जूनियर एनटीआर की पहली फिल्म थी, जो सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
पुष्पा 2 द रूल
अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘पुष्पा 2 द रूल’ को 5 दिसंबर को रिलीज किया गया। ये इस साल की साउथ की सेकेंड लास्ट बहुचर्चित फिल्म है, जिसने रिलीज के महज तीन दिन में ही बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया। सैकनिल्क की रिपोर्ट की मानें तो फिल्म ने तीन दिनें में इंडिया में 387 करोड़ और वर्ल्डवाइड 550 करोड़ का बिजनेस कर लिया है। माना जा रहा है कि ये जल्द ही 1000 करोड़ के क्लब में शामिल हो जाएगी। आपको बता दें कि पहले इसके साथ विक्की कौशल की फिल्म ‘छावा’ को रिलीज किया जाना था लेकिन, साउथ फिल्म के क्रेज को देखते हुए मेकर्स ने रिस्क ना लेने का फैसला किया और ‘छावा’ को 2025 में रिलीज किए जाने का प्लान किया है।
साल 2024 की महंगी फिल्मों और इसके कलेक्शन के बारे में आपने तो पढ़ लिया। इसके साथ ही आप 2024 की साउथ की फ्लॉप फिल्मों के बारे में भी पढ़ सकते हैं, जिनका अच्छा खासा मोटा बजट था लेकिन, फिर भी वो बॉक्स ऑफिस पर फिसड्डी साबित हुईं।