जिस तरह से अमिताभ और रेखा की जोड़ी ने बड़े पर्दे पर कई सालों तक राज किया, अनिल कपूर और श्रीदेवी की जोड़ी भी कुछ ऐसी ही थी। 90 के दशक की शुरुआत में जब यश चोपड़ा ने रोमांटिक फ़िल्म ‘लम्हे’ बनाने की सोची तो उनके दिमाग में सबसे पहला नाम अमिताभ बच्चन और रेखा का आया। हालांकि आखिरी वक़्त में अनिल कपूर और श्रीदेवी को कास्ट कर लिया गया था। अमिताभ और रेखा को फ़िल्म में न लेने के पीछे की वजह का जिक्र शेखर सुमन ने अपने शो ‘लाइट कैमरा’ में किया था।

उन्होंने बताया था कि यश चोपड़ा अमिताभ-रेखा को लेकर अपनी रोमांटिक फिल्म बनाने वाले थे। लेकिन फ़िल्म की कहानी ऐसी थी कि हीरो कम उम्र का था। अमिताभ फिल्म के किरदार से बड़े दिख रहे थे इसलिए उन्होंने अमिताभ और रेखा को लेकर फिल्म बनाने का अपना मन बदल लिया। वो फ़िल्म के लिए नए चेहरे की तलाश कर रहे थे।

शेखर सुमन ने बताया था कि इसके बाद फिल्म की लेखिका हनी ईरानी ने यश चोपड़ा को तस्वीरों से भरा एक लिफाफा दिया था जिस पर लिखा था, ‘एक न्यूकमर जो आपकी फिल्म करना चाहता है। लेकिन जब यश चोपड़ा ने तस्वीरें देखीं तो वो हैरान रह गए थे क्योंकि वो तस्वीरें अनिल कपूर की थीं और अनिल कपूर उस वक्त स्टार बन चुके थे।

यश चोपड़ा ने अनिल कपूर को समझाया कि वो ये फ़िल्म नहीं कर सकते क्योंकि वो किरदार के हिसाब से बड़े दिखेंगे। लेकिन अनिल कपूर नहीं माने और उन्होंने यश चोपड़ा से कह दिया कि वो इस फिल्म के लिए कुछ भी कर सकते हैं। तब यश चोपड़ा ने उनसे पूछ लिया कि क्या वो अपनी मूंछें हटवा सकते हैं? अनिल कपूर चाहते तो नहीं थे लेकिन उन्होंने अपनी मूंछें हटवा ली थी। इसके बाद श्रीदेवी और उन्हें लेकर फिल्म बनी और सफल भी रही थी।

अनिल कपूर श्रीदेवी की चर्चित फिल्म मिस्टर इंडिया भी पहले अमिताभ बच्चन को ऑफर हुई थी लेकिन अमिताभ ने इसे करने से इनकार कर दिया था। उनका कहना था कि फ़िल्म का हीरो आधे वक्त तो दिखता ही नहीं है, फिर वो फिल्म करके क्या करेंगे। इसके बाद फिल्म अनिल कपूर के खाते में आ गई थी।

 

अनिल कपूर का मानना है कि उनकी अधिकतर फिल्में ऐसी रही हैं जिसे पहले बड़े एक्टर्स ने ठुकरा दिया और बाद में उन्हें मिली। वो हमेशा से आगे बढ़कर निर्देशकों से काम मांगने में विश्वास रखते हैं। जब अनुराग कश्यप बॉम्बे वेलवेट बना रहे थे तब भी वो उनके पास काम मांगने गए थे लेकिन उन्हें रोल नहीं मिला। अनुराग कश्यप ने वो रोल करण जौहर को दे दिया जिस बात का अनिल कपूर को बुरा भी लगा था।