कॉमेडी की दुनिया में आप कई चेहरों से वाकिफ होंगे। इन्हीं में कपिल शर्मा और कृष्णा अभिषेक के जोक्स पर ठहाके भी लगाए होंगे। मगर क्या कभी इस दुनिया की क्वीन से मिले हैं? अरे, हम भारती सिंह की बात कर रहे हैं। कॉमेडियन-एक्ट्रेस भारती आज बड़ी स्टार हैं। स्टैंड-अप कॉमेडी में वह इस दौर की टॉप फीमेल परफॉर्मर हैं। लेकिन आज जो उनकी पहचान है, उसी के लिए उन्हें एक वक्त में ताने सुनने को मिलते थे। घर वाले अक्सर उन्हें खाने और बोलने की आदतों को लेकर टोकते थे। कहते थे- कम खाया कर, नहीं तो शादी नहीं होगी।
एक न्यूज़ साइट को दिए इंटरव्यू में उन्होंने इस बारे में बताया। वह बोलीं, शुरू में उन्हें भी कम बोलने के लिए कहा जाता था। कम बोला कर। कम खाया कर। मोटी हो जाएगी, तो शादी नहीं होगी। विज्ञापन देखा होगा वे सच हैं, जिसमें मोटी, हाथी के बच्चे और गोलू जैसे नामों से बुलाया जाता था। आज वही मेरी पहचान है। अब लोग कहते हैं पतले मत होना। ऐसे ही क्यूट लगते हो। बहुत अच्छी हॉट लड़कियां हैं, लेकिन शायद उनसे चार गुणा ज्यादा पैसा मैं कमाती हूं। लोग इतना इज्जत-प्यार करते हैं कि मैं बता नहीं सकती। विदेशों में जाती हूं तो कभी-कबार रो पड़ती हूं। मां भी बचपन में कहती थीं कि बहुत बोलती हूं।
लॉफ्टर चैलेंज में ब्रेक मिला था। अमृतसर में ऑडिशन हुआ था। मुंबई बुलाया गया था। सारी रिश्तेदारी में हल्ला हो गया था। चूंकि आज भी फिल्मों में दिखाते हैं कि डायरेक्टर इज्जत लूटते हैं। वह ब्रेक देने के बहाने गड़बड़ करते हैं। उन्हें वही लगता है। मेरे पिता भी नहीं थे। सबने बोल दिया था कि इसकी शादी नहीं होगी। लेकिन मेरी मां लेकर मुंबई गई। 2008 में आई और आजतक लौटकर नहीं आई।
