Bigg Boss 18 के शुरू होने से कुछ घंटों पहले शो के कंफर्म कंटेस्टेंट्स के नाम की चर्चा तेज हो गई है। इनमें एक नाम रजत दलाल का भी है, जो एक फिटनेस ट्रेनर, पावर लिफ्टर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं। इनका नाम सामने आते ही लोग इनके बारे में जानने के लिए काफी उत्सुक हैं कि आखिर ये हैं कौन? हम आपको रजत दलाल के बारे में बता दें कि इनका कनेक्शन ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ विनर एल्विश यादव से है और ये कई विवादों में भी रह चुके हैं।
रजत दलाल सोशल मीडिया पर खूब मशहूर हैं, उनके फिटनेस वीडियो इंटरनेट पर छाए रहते हैं। उनके इंस्टाग्राम पर 1.1 मिलियन और यूट्यूब पर 2 लाख 31 हजार फॉलोवर्स हैं। वह कई बार एल्विश यादव के साथ भी नजर आ चुके हैं।
एल्विश यादव से क्या है कनेक्शन?
एल्विश यादव के साथ रजत दलाल के कई वीडियो सामने आते हैं। जब मैक्सटर्न के साथ एल्विश का झगड़ा हुआ था तो रजत ने ही उनकी सुलह कराई थी। बताया जाता है कि दोनों अच्छे दोस्त हैं और एक दूसरे के मुसीबत वाले वक्त में दोनों साथ खड़े रहते हैं। अब कहा जा रहा है कि पहले Bigg Boss OTT 3 में एल्विश के दोस्त लव कटारिया ने हिस्सा लिया और अब रजत दलाल भी एल्विश के कनेक्शन की वजह से ही इतने बड़े शो में जा रहे हैं। हम आपको बता दें कि एल्विश के दोस्त होने के अलावा भी रजत सोशल मीडिया पर काफी मशहूर हैं, अपने काम से ज्यादा वो कारनामों के चलते चर्चा में रहते हैं।
बाइकर को मारी थी टक्कर
हाल ही में रजत दलाल का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वो अपनी ओवर स्पीडिंग कार से एक बाइकर को टक्कर मारते हैं और उन्हें इस बात का अफसोस होना तो दूर, बल्कि इस बात पर गर्व होता है। वीडियो रजत के साथ कार में बैठी कोई लड़की ही बना रही थी और उसने रजत को बताया कि उनकी कार से किसी लड़के को टक्कर लगी, अपनी गलती मानने की बजाय उन्होंने कहा कि ये उनका रोज का काम है।
लड़के पर किया था पेशाब
जून में रजत दलाल पर एक 18 साल के लड़के ने मारपीट करने और उसके चेहरे पर पेशाब करने का आरोप लगाया था। उस लड़के ने रजत के साथ सेल्फी को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था और कुछ मजाकिया कैप्शन लिखा था। जिससे रजत नाराज हुए और उसका पता पूछकर गाड़ी में उसके घर पहुंचे, वहां से उठाया और बाद में लड़के के साथ मारपीट की। पुलिस को की शिकायत में लड़के ने कहा था कि रजत ने उसके साथ मारपीट की, उसके चेहरे पर गोबर लगाया और फिर चेहरे पर पेशाब किया।