बॉलीवुड एक्टर और स्वघोषित फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद ख़ान (KRK) हमेशा से अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। वो बॉलीवुड के लगभग हर अभिनेता, अभिनेत्री पर अपनी टिप्पणी करते आए हैं। एक बार उन्होंने रणवीर सिंह को दो पैसे का आदमी कह दिया था। वहीं अर्जून कपूर को लेकर उन्होंने कहा था कि अगर अर्जुन कपूर अभिनेता बन सकता है तो कोई भी एक्टर बन सकता है। केआरके की इस टिप्पणी का अर्जुन कपूर और रणवीर सिंह दोनों ने ‘कॉफी विद करण’ शो पर मजाक उड़ाया था।

दरअसल शो के रैपिड फायर राउंड के दौरान करण जौहर ने रणवीर सिंह से पूछा कि उनकी राय में बॉलीवुड का सबसे आइकॉनिक खान कौन है? जवाब में रणवीर सिंह ने कहा, ‘कमाल आर खान।’ उनके इस जवाब पर करण जौहर समेत अर्जुन कपूर अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

इसके बाद रणवीर ने अर्जून की तरफ इशारा करते हुए KRK पर निशाना साधा, ‘तुम दो पैसों के आदमी हो।’ अर्जुन कपूर ने केआरके की हंसी उड़ाते हुए करण जौहर को शो पर कहा था, ‘अगर अर्जुन कपूर एक्टर बन सकता है तो कोई भी एक्टर बन सकता है।’

आपको बता दें कि रणवीर सिंह पर टिप्पणी को लेकर केआरके को खूब ट्रोल भी किया गया था। दरअसल एक ट्विटर यूजर ने रणवीर सिंह और केआरके की तस्वीरों को एक साथ करके केआरके को रणवीर की ‘सस्ती कॉपी’ कहा था। केआरके ने यूजर ने ट्वीट के जवाब में लिखा था, ‘अरे मेरे भाई, रणवीर सिंह मेरे सामने दो पैसे का आदमी लग रहा है।’

 

वहीं अर्जून कपूर की एक्टिंग पर टिप्पणी के बाद अब केआरके ने उन्हें अपना दोस्त बताया है। केआरके पर कुछ समय पहले सलमान खान ने मानहानि का मुकदमा दायर किया था। इसी बीच उन्होंने एक ट्वीट कर कहा कि अर्जुन कपूर बॉलीवुड के उनके इकलौते दोस्त हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि अर्जुन ने उन्हें फोन कर देर तक बात की है।

गौरतलब है कि सलमान खान ने केआरके पर यह कहते हुए मानहानि का मुकदमा दायर किया है कि वो पिछले कुछ समय से लगातार उन पर झूठे आरोप लगा रहे हैं और आपत्तिजनक टिप्पणी करते आए हैं। सलमान खान की तरफ से यह भी कहा गया कि केआरके उनके एनजीओ बीइंग ह्यूमन पर भी झूठे आरोप लगाते आए हैं।

 

लेकिन केआरके ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा था कि उन्होंने सलमान खान की फिल्म राधे का नेगेटिव रिव्यू दिया इसलिए उन पर मानहानि का मुकदमा किया गया है।