फिल्ममेकर करण जौहर (Karan Johar) इन दिनों अपने चैट शो ‘कॉफी विद करण 8’ को लेकर चर्चा में हैं। शो में हर दिन कोई ना कोई बॉलीवुड सेलेब्स आकर अपनी जिंदगी के दिलचस्प किस्सा सुनाते हैं। ऐसे में अब फिल्ममेकर ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में अपनी मैरिज प्लान और सरोगेसी से पिता बनने के फैसले को लेकर खुलकर बात की है। इस दौरान उन्होंने बताया कि उनकी मां ने शादी को लेकर सवाल भी किया था, जिसका करण ने जवाब दिया था। आपको बता दें कि वो साल 2017 में सरोगेसी के जरिए पिता बने थे। उनके दो जुड़वां बच्चे यश और रूही हैं।
दरअसल, हाल ही में करण जौहर ने ‘द वीक’ से बात की थी। उन्होंने बताया था कि जब वो 40 साल के थे तो उन्होंने मां के सामने जाहिर कर दिया था कि वो बच्चे चाहते हैं। फिल्ममेकर ने बताया कि जब वो 40 साल के थे तो उनकी मां ने उनसे सवाल किया था कि उन्हें शादी नहीं करनी तो करना क्या चाहते हैं? इस पर करण ने उन्हें जवाब दिया था कि उन्हें बच्चे चाहिए। उनकी इस बात को सुनकर उनकी मां बेहद ही खुश हो गई थीं। लेकिन, इसके लिए फिल्ममेकर ने मां से थोड़ा वक्त मांगा था।
एक महीने बाद पहुंचे थे अस्पताल
करण जौहर ने आगे बात करते हुए बताया था कि उनकी मां ने उन्हें दोबारा एक साल के बार फिर से इसके बारे में याद दिलाया था। फिल्ममेकर बताते हैं उन्होंने अपनी मां को इसके बारे में तब बताया जब डॉक्टर्स ने उन्हें बताया था कि प्रेग्नेंसी को तीन महीने हो चुके हैं। उन्हें उम्मीद थी कि बच्चों का जन्म अप्रैल में होगा। मगर ऐसा नहीं हुआ और फरवरी में ही बच्चों का जन्म हो गया। इसके बारे में करण को तब पता चला जब वो लंदन जा रहे थे और फ्लाइट में थे। उन्होंने फ्लाइट से ही इसका ऐलान किया था। वो करीब एक महीने बाद ही अस्पताल जा सके थे।
करण के बच्चों को लोग देते हैं प्यार
इसके साथ ही करण जौहर ने इंटरव्यू में ट्रोलिंग को लेकर भी बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि लोग उन्हें खूब ट्रोल करते हैं। लेकिन उनके बच्चों को खूब प्यार मिलता है। वो जब भी सोशल मीडिया पर बच्चों से जुड़ी कोई तस्वीर शेयर करते हैं तो इस पर नेगेटिव कमेंट्स नहीं आते हैं। बल्कि लोगों से खूब प्यार मिलता है।
बहरहाल, अगर करण जौहर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो उन्होंने रणवीर सिंह और आलिया भट्ट की फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ से करीब 7 साल के बाद डायरेक्शन में कमबैक किया था। उन्होंने इससे पहले रणबीर कपूर, अनुष्का शर्मा और ऐश्वर्या राय स्टारर फिल्म ‘ऐ दिल है मुश्किल’ का निर्देशन किया था, जिसे 2016 में रिलीज किया गया था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।