सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ विडंबना ये रही कि वो जितने कामयाब हुए उससे कहीं अधिक उन्होंने नाकामयाबी का दौर झेला। इसी नाकामयाबी के चलते उन्होंने शराब को अपना साथी बना लिया था। आखिरी दिनों में वो खूब शराब पीने लगे थे। वो बेहद कमजोर हो गए थे और अपने ही परिवार के लोगों को पहचान तक नहीं पाते थे। राजेश खन्ना की हालत पर उनकी अंतिम फिल्म, ‘रियासत’ के निर्देशक अशोक त्यागी ने कहा था कि भगवान किसी को ऐसी कामयाबी न दे।
अशोक त्यागी ने राजेश खन्ना के साथ अपनी फिल्म की शूटिंग 2011 में शुरू की थी। काका ने उनके साथ 6 महीने तक शूट किया। इस बीच उनकी हालत देखकर निर्देशक को तकलीफ होती थी। राजेश खन्ना के निधन के कुछ समय बाद अशोक त्यागी ने बीबीसी से बातचीत में बताया था कि काका शूट के वक्त शराब नहीं छूते थे लेकिन जैसे ही उन्हें वक्त मिलता, खूब शराब पीते थे।
उन्होंने बताया था, ‘उन्हें बहुत शराब पीने की आदत थी, लेकिन शूटिंग के दौरान वो शराब को हाथ भी नहीं लगाते थे। लेकिन हां, जैसे ही वक्त मिलता वो शुरू हो जाते। अत्याधिक शराब की वजह से ही वो हमसे दूर चले गए। लेकिन इसके जिम्मेदार हम सब फिल्म वाले लोग ही हैं।’
अशोक त्यागी ने कहा था कि राजेश खन्ना बेहद कामयाब थे लेकिन जब असफल हुए तो उसके दर्द में ही डूबे रहे, उबर नहीं पाए। उन्होंने बताया, ‘भगवान उनके जैसी कामयाबी किसी को ना दे अगर उसे उनके जैसी नाकामयाबी भी बख्शनी हो तो।’
राजेश खन्ना ने कामयाबी का वो दौर देखा जब उनके फैंस उनके लिए जान तक देने को तैयार थे, खासकर लड़कियां। जब सफलता के चरम पर जाकर उन्होंने डिंपल कपाड़िया से शादी की तब कई लड़कियों ने उनके बंगले के सामने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की। उनकी गाड़ी की धूल से लड़कियां मांग भरा करती थीं।
राजेश खन्ना के पतन पर उनके साथ काम कर चुके कलाकारों ने बताया कि वो अपनी पुरानी सफलता से कभी निकल नहीं पाए और कुछ नया प्रयोग नहीं किया। खन्ना अंतिम दिनों में अपने परिवार के लोगों को भी पहचान नहीं पाते थे। लेकिन अक्षय कुमार के बेटे आरव को वो नहीं भूले थे। आरव ने राजेश खन्ना की याद में लिखा था कि नाना जी सब कुछ भूल गए थे लेकिन मैं उन्हें याद रहा था। राजेश खन्ना का निधन 18 जुलाई 2012 को हुआ था।