सलमान खान और उनकी बहन अर्पिता का प्यार जगजाहिर है। अर्पिता जब आयुष शर्मा को अपने परिवार से पहली बार मिलाने गईं तो सभी चौंक गए थे। अर्पिता ने इससे पहले कभी आयुष के बारे में घर में नहीं बताया था। हालांकि सलमान खान के भाई सोहेल खान पहले ही आयुष से मिल चुके थे। उन्होंने आयुष को एक जिम में देखा था और उन्हें अपनी एक फ़िल्म के लिए साइन करने की सोच भी चुके थे। ऐसे में जब वो घर आए और सबके साथ आयुष को देखा तो हैरान रह गए कि ये लड़का मेरे घर क्या कर रहा है।

सलमान खान ने अपने जीजा आयुष शर्मा से मुलाकात का जिक्र उनकी पहली फ़िल्म ‘लव यात्री’ के प्रमोशन के दौरान बताई थी। उन्होंने कहा था, ‘मैं और सोहेल एक फ़िल्म बनाने की सोच रहे थे। हमारे पास स्क्रिप्ट थी। मैं कुछ अलग तरह की फिल्में कर रहा था तो उस रोल में मैं फिट नहीं हो पा रहा था। सोहेल उस दिन गोल्ड जिम में वर्कआउट कर रहे थे, उन्होंने वहीं आयुष को देखा।’

सलमान खान ने आगे बताया था, ‘उन्होंने मुझे आकर बताया कि सलमान भाई मैंने एक लड़के को देखा जिम में। वो मेरी फिल्म, ‘पंजाबी निकाह’ के लिए बिल्कुल परफेक्ट होगा। मैंने कहा कि ठीक है उससे बात करो। सोहेल ने कहा कि एक बार उससे मिला और अब वो जिम नहीं आ रहा। बहुत मेहनती लगा मुझे, काम से काम रखने वाला।’

 

इसके 6 महीने बाद ही अर्पिता आयुष को लेकर अपने घर आईं जिसके बारे में सलमान ने बताया था, ‘हम सभी को अर्पिता ने बुलाया और कहा कि मैं इसी लड़के से शादी करूंगी। मैंने कहा, अचानक ये लड़का कहां से आ गया तुम्हारी जिंदगी में। जब सोहेल बाद में घर आए तो मुझसे कहते है, तुम्हें याद है, मैंने एक लड़के के बारे में बताया था, ये वही लड़का है। मैंने कहा चलो अब फ्री में फ़िल्म करेगा।’

अर्पिता और आयुष शर्मा साल 2011 में मिले थे और अच्छे दोस्त बन गए थे। दोनों को प्यार भी हो गया लेकिन किसी ने प्यार का इजहार नहीं किया। जब एक दिन अर्पिता ने बताया कि वो शादी करने जा रहीं हैं तो आयुष घबरा गए थे। उन्होंने अगले सुबह से अर्पिता को फोन कर कह दिया था कि वो उनसे प्यार करते हैं। दोनों ने साल 2014 में शादी कर ली थी।