कॉफी विद करण का सीज़न 6 शुरू हो चुका है। करण जौहर ने इस सीज़न की शुरूआत ‘गर्ल्स पावर’ से की। इस सीज़न के पहले एपिसोड में आलिया भट्ट और दीपिका पादुकोण नजर आईं थी वही दूसरे एपिसोड में दीपिका के ब्वॉयफ्रेंड रणवीर सिंह और अक्षय कुमार दिखाई देंगे। इस चैट शो में रणवीर और अक्षय ने जमकर मस्ती की। शो के दौरान हमेशा की तरह दोनों सितारों के कई राज़ खुलते दिखे। बॉलीवुड के खिलाड़ी कुमार ने बताया कि रणवीर किसी भी पार्टी से जाने वाले आखिरी शख्स होते हैं। वही अक्षय को बॉलीवुड इंडस्ट्री का सबसे अनुशासित एक्टर माना जाता है और वे रोज़ 4 बजे उठकर एक्सरसाइज़ करते हैं।

अक्षय ने मजाकिया लहजे में बात करते हुए कहा, ‘रणवीर किसी भी शादी में परफॉर्मेंस के लिए जाता है तो वहां से जाने वाला वह आखिरी शख्स होता है। उस आदमी की शादी खत्म हो गई है, उसको सुहागरात के लिए जाना है, लेकिन जब तू जाएगा तब तो वे लोग जा पाएंगे ना। रणवीर सुहागरात नहीं मनाने देता था लोगों को।’ इसके बाद करण ने रणवीर से पूछा कि एक बार अक्षय कुमार ने आपको पैसों के बारे में सलाह भी दी थी? इस पर रणवीर ने कहा कि अक्षय को पैसे खराब होते हुए देखना बिल्कुल अच्छा नहीं लगता। चाहे शादी हो, बर्थडे हो या फिर बच्चे का मुंडन हो, अक्षय नाचने पहुंच ही जाते हैं। गौरतलब है कि रणवीर फिल्मों में आने से पहले अक्षय कुमार से खासे प्रेरित रहे हैं।

रणवीर सिंह इंडस्ट्री में आने से पहले अक्षय कुमार को अपनी प्रेरणा मानते थे। अक्षय और रणवीर की पहली मुलाकात फिल्म ‘कीमत’ के सेट पर हुई थी। रणवीर उस सेट पर रवीना को देखकर हैरान रह गए थे और रणवीर के लगातार घूरने के चलते वे काफी इरिटेट हो गई थी। टीनेजर रणवीर को उस समय सेट से निकाल दिया गया था और वे काफी निराश हो गए थे। इसके बाद अक्षय ने रणवीर के साथ तस्वीर भी खिंचाई थी। इस घटना के बाद रणवीर अक्षय को काफी पसंद करने लगे थे। इस घटना के बारे में भी करण जौहर के शो पर बातचीत हुई थी।