अनिल कपूर ऐसे सदाबहार अभिनेता रहे हैं जिन्होंने हर दौर में खुद को प्रासंगिक रखा है। 80 के दशक में अपने करियर की शुरुआत करने वाले अनिल कपूर आज भी फिल्मों में काफी सक्रिय हैं। अनिल कपूर के पिता सुरिंदर कपूर मशहूर फिल्म प्रोड्यूसर थे जो चाहते थे कि उनके तीनों बेटों बोनी कपूर, संजय कपूर और अनिल कपूर में से कोई एक हीरो जरूर बने। अनिल कपूर को बचपन से ही एक्टिंग का शौक भी था। पढ़ाई खत्म करने के बाद अनिल कपूर ने उस ज़माने के बेहतरीन एक्टिंग स्कूल, रोशन तनेजा की एक्टिंग क्लास ज्वॉइन कर ली थी।

उसी एक्टिंग स्कूल में गुलशन ग्रोवर भी एक्टिंग सिख रहे थे। जब वो पहली बार अनिल कपूर से मिले तब उन्होंने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अनिल कपूर की खिल्ली उड़ाई थी कि वो प्रोड्यूसर के बेटे हैं, मेहनत नहीं कर पाएंगे, दो चार दिन में ही वापस चले जाएंगे। ज़ी टीवी के पुराने शो, ‘जीना इसी का नाम है’ में गुलशन ग्रोवर ने इसका जिक्र अनिल कपूर के सामने किया था।

उन्होंने बताया था, ‘रोशन तनेजा साहब के इंस्टीट्यूट में जब हमारी मुलाकात हुई थी, तो हम सब कहते थे कि प्रोड्यूसर का बेटा है दो- चार दिन में भाग जाएगा। दो घंटा दूर है घर से इंस्टीट्यूट, कहां से टाइम पर ये पहुंचेगा।’ गुलशन ग्रोवर ने बताया था कि अनिल कपूर ने सभी लोगों से ज्यादा तत्परता के साथ ट्रेनिंग की थी। उनकी पर्सनालिटी के बारे में बात करते हुए गुलशन ग्रोवर ने कहा था कि वो कहते नहीं बल्कि करके दिखाते हैं।

 

अनिल कपूर के बारे में एक और बात मशहूर है कि वो अपनी वास्तविक उम्र से बहुत छोटे दिखते हैं। 64 वर्ष की उम्र में वो बहुत फिट हैं और लगातार फिल्में कर रहे हैं। उन्हें आखिरी बार अनुराग कश्यप के साथ एके वर्सेज एके में देखा गया था।

 

अनिल कपूर के अपकमिंग प्रोजेक्ट्स की बात करें तो वो जल्द ही राज मेहता की फिल्म जुग जुग जियो में नज़र आएंगे। करण जौहर की फिल्म तख्त में वो शाहजहां के किरदार में दिखने वाले हैं। आंखें 2 में भी अनिल कपूर काम कर रहे हैं।