शादियों का सीजन चल रहा है। बीते दिनों ही एक्ट्रेस और शक्ति मोहन की बहन मुक्ति मोहन (Mukti Mohan) शादी के बंधन में बंधीं। उन्होंने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर शादी का ऐलान किया। इसी बीच बीते दिन ही टीवी एक्ट्रेस वृशिका मेहता (Vrushika Mehta) ने शादी की है। उन्होंने अपने दूल्हे के साथ वेडिंग फोटोज इंस्टाग्राम पर शेयर की है। एक्ट्रेस को टीवी सीरियल ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ और ‘दिल दोस्ती डांस’ के लिए जाना जाता है। उन्होंने अपने किरदारों से दर्शकों के दिल में अलग जगह बनाई है।
एक्ट्रेस वृशिका मेहता ने 10 दिसंबर को अपनी शादी की तस्वीरें शेयर की। वो 9 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधी हैं। फोटोज को शेयर करने के साथ ही संस्कृत का श्लोक लिखा, ‘साथी त्वयि सङ्गे कुरुतां चिरायुः। सर्वारिष्टे सफलं भवत्विति।।’ इसे लिखने के साथ ही वृशिका ने आगे लिखा, ‘आपके साथ जीवन भर का साथ बना रहे। हम दोनों ने अपना-अपना घर एक-दूसरे के दिलों में मिला है। हमने एक-दूसरे को हां कहा।’ इससे पहले एक्ट्रेस की सगाई 11 दिसंबर 2022 को हुई थी। उन्होंने बॉयफ्रेंड संग सगाई की फोटोज और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था।
वृशिका ने की दो बार शादी
आपको बता दें कि वृशिका ने दो बार शादी की है। इसका अंदाजा उनकी शादी की तस्वीरों से लगाया जा सकता है। पहले एक्ट्रेस ने रेड कलर के आउटफिट में तस्वीरें शेयर की थी। इसके बाद उन्होंने व्हाइट कलर के लहंगे में तस्वीरें शेयर की है, जिसमें उन्हें शादी की रस्में निभाते हुए देखा जा सकता है। दोनों ने जयमाला से लेकर शादी के स्पेशल मोमेंट की तस्वीरें और वीडियो को शेयर किया है। वहीं, वृशिका के दूल्हे के गेटअप के बारे में बात करें तो उन्हें दोनों ही तस्वीरों में शेरवानी में देखा जा सकता है। दूल्हे ने कलर कोऑर्डिनेट किया है और वो ग्रे शेरवानी में हैं।
कौन है वृशिका मेहता का दूल्हा?
अब एक्ट्रेस वृशिका मेहता के दूल्हे के बारे में बात की जाए तो ये कोई और नहीं बल्कि उनके बॉयफ्रेंड सौरभ घेडिया हैं। वो पेशे से एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। एक कॉमन फ्रेंड के जरिए इनकी मुलाकात हुई थी और अब दोनों एक-दूजे हो गए हैं।
बहरहाल, अगर वृशिका मेहता के बारे में बात की जाए तो उन्हें ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’, ‘दिल दोस्ती डांस’, ‘ये है आशिकी’, ‘इश्कबाज’ और ‘ये तेरी गलियां’ जैसे टीवी शोज के लिए जाना जाता है। वृशिका मेहता ने ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में डॉ. रिद्धिमा सक्सेना का रोल प्ले कर काफी पॉपुलैरिटी हासिल की। मोहसिन खान के साथ उनकी जोड़ी भी खूब जंची। वृशिका को आखिरी बार ‘कुमकुम भाग्य’ में स्पेशल अपीयरेंस में देखा गया था।
