बॉलीवुड एक्टर विवेक ओबेरॉय जल्द ही रोहित शेट्टी की ‘इंडियन पुलिस फोर्स में नजर आने वाले हैं। हाल ही में आई फिल्म ‘एनिमल’ के लिए रणबीर कपूर को खूब तारीफ मिल रही है। विवेक ओबेरॉय ने भी एक्टर की तारीफों के पुल बांधे हैं। विवेक ने रणबीर को सिक्योर एक्टर बताते हुए कहा है कि वह काफी हद तक उनकी तरह ही हैं।
मिर्ची प्लस को दिए इंटरव्यू में विवेक ने कहा,”मैं गया और मैंने उसकी शानदार परफॉर्मेंस देखी और मुझे लगा कि ये वो ही है जिसने ‘ब्रह्मास्त्र’ की थी। वह वो ही इंसान है जिसने कई अलग-अलग रोल किए हैं। यह वही व्यक्ति है जो बहुत ब्रिलियंट है। जब मैं सक्सेस पार्टी में उनसे मिला तो मैंने उसे गले लगा लिया और कहा, ‘मैं तुमसे प्यार करता हूं यार, तुम क्या एक्टर हो।’ मुझे लगता है कि वह जनरेशन का सबसे बेहतरीन एक्टर्स में से एक है। वो भी बिंदास है; वह मेरे जैसा है. वह इनसिक्योर नहीं है।”
विवेक ने आगे कहा, “मैं अपने डैड के साथ खड़ा था और वह आया और कहने लगा सर और मुझे जोर से गले लगा लिया। वो उसकी पार्टी थी, लोग उसे सेलिब्रेट कर रहे हैं। लेकिन उसने इंतजार नहीं किया कि लोग उसके पास आए। वो आया और मेरे गले लग गया। मुझे बहुत अच्छा लगा। वो बहुत सिक्योर है। उसे अपना टैलेंट पता है वो बहुत हंबल है। जमीन पर बैठ जाता है। उसे फर्क नहीं पड़ता लोग क्या सोचेंगे। वो बस काम कर रहा है।” आपको बता दें कि रणबीर कपूर ने फिल्म ‘एनिमल’ में सुरेश ओबेरॉय के साथ काम किया, जो विवेक के पिता हैं।
विवेक की फिल्म की बात करें तो ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ उनका डिजिटल डेब्यू है। इस फिल्म में विवेक के साथ सिद्धार्थ मल्होत्रा और शिल्पा शेट्टी भी अहम किरदारों में नजर आने वाले हैं। ये फिल्म 19 जनवरी को अमेजन प्राइम पर रिलीज होने वाली है।