Vivek Agnihotri: फिल्म डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री अपने ट्वीट्स के जरिए हमेशा चर्चा में बने रहते हैं। इस बार विवेक ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए एक और ट्वीट किया है। यह एक वीडियो है जिसमें विवेक कांग्रेस के बारे में पहले सवाल करते दिखते हैं कि कांग्रेस क्या है? इसके बाद वह इसका जवाब भी विस्तार से कोट करते हैं।

वीडियो में विवेक कहते हैं – ‘आजादी को 73 साल हो गए। इंसानों में कभी देश आगे बढ़ा कभी कांग्रेस आगे बढ़ी। कभी दोनों आगे बढ़े कभी दोनों आगे नहीं बढ़ पाए। फिर यूं हुआ, देश आगे बढ़ता गया और कांग्रेस पीछे रह गई। खादी भंडार से आरंभ हुई ये यात्रा 10 जनपथ पर आकर समाप्त हो गई। पूरे 73 साल तक कांग्रेस हमारे देश पर एक तंबू की तरह तनी रही, गुब्बारे की तरह फैली रही। हवा की तरह सनसनाती रही औऱ बर्फ सी जमी रही।’

विवेक आगे कहते है- ‘पूरे 30 साल तक कांग्रेस ने इतिहास बनाया। उसे सरकारी कर्मचारियों ने लिखा और  विधानसभा के सदस्यों ने पढ़ा…..।’ इस वीडियो का पूरा लिंक विवेक ने यूट्यूब पर शेयर किया है। विवेक के इस वीडियो को ढेरों रिएक्शन मिलने लगे।

ऐसे में खिल्ली उड़ाते हुए एक यूजर ने लिखा- ‘अब तो गूगल बाबा भी राजनीति के फंडे बताने लगा है कौन सही कौन गलत है।’ तो किसी ने कांग्रेस की तरफदारी करते हुए लिखा- ‘कांग्रेस वो है जिसने भारत को जन्म लेने में मदद की। आगे बढ़ाने में उदित होने में मदद की।’ तो किसी ने लिखा- कुछ नहीं, बस देश को लूटने वाली और विश्वासघात करने वाली एक बला है।’

एक यूजर ने कहा-कांग्रेस जीने का एक तरीका है जो सिखाती है कि कैसे चाटुकारिता करें। तो एक यूजर ने लिखा- ‘तुम ट्रोल हो। इस प्रोपगेंडा के लिए कितना मिला है तुमको? कुछ रचनात्मक करो जो जीवन में मायने रखता हो। मैं समझ सकता हूं कि तुम अपनी फ्लॉप फिल्मों की वजह से फ्रस्ट्रेटेड हो और उभर नहीं पा रहे हो।’