17 अक्टूबर को दिल्ली के विज्ञान भवन में 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स फंक्शन का आयोजन हुआ। इसमें बॉलीवुड के तमाम दिग्गजों को सम्मानित किया गया। आलिया भट्ट, कृति सेनन, पंकज त्रिपाठी, विवेक अग्निहोत्री और करण जौहर को अवॉर्ड से नवाजा गया। करण जौहर की फिल्म ‘शेरशाह’ को स्पेशल जूरी अवार्ड से दिया गया, जिसे लेने करण जौहर स्टेज पर गए। जिस वक्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें सम्मानित कर रही थीं, हर कोई तालियां बजाता नजर आया। वहीं इस बीच विवेक अग्निहोत्री ने ध्यान तक नहीं दिया।

विवेक अग्निहोत्री के साथ उनकी पत्नी पल्लवी जोशी भी बैठी थीं, जो करण जौहर के लिए तालियां बजाती नजर आईं। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें यूजर्स विवेक के चेहरे के हावभाव को देख सवाल कर रहे हैं। इसके साथ ही विवेक ने सोशल मीडिया पर इस अवॉर्ड फंक्शन की तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें उन्होंने करण जौहर को क्रॉप किया हुआ है।

बता दें कि विवेक अग्निहोत्री को उनकी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के लिए राष्ट्रीय एकता पर बेस्ट फिल्म का नरगिस दत्त पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विवेक ने इसकी तस्वीर शेयर करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया है।

इसके अलावा उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें आलिया भट्ट, श्रेर्या घोषाल, वहीदा रहमान, कृति सेनन, पल्लवी जोशी, अल्लू अर्जुन, आर माधवन, रणबीर कपूर, राष्ट्रपति मुर्मू, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर समेत कुछ अन्य लोग भी हैं। इस तस्वीर में करण जौहर भी नजर आ रहे हैं, लेकिन उन्हें विवेक अग्निहोत्री ने क्रॉप किया हुआ है।

आपको बता दें कि विवेक अग्निहोत्री को अक्सर करण जौहर पर कटाक्ष करते हुए देखा जाता है। वह करण जौहर की फिल्मों से लेकर उनके टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ पर तंज कस चुके हैं। उन्होंने इस शो को बकवास बताया था। इतना ही नहीं विवेक, करण पर उनकी फिल्मों के जरिए भारतीय कल्चर खराब करने का भी आरोप लगा चुके हैं। उन्होंने कहा था कि करण की फिल्मों ने इंडिया के कल्चर को नुकसान पहुंचाया है।