‘द कश्मीर फाइल्स’ के डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री अक्सर ट्रोलिंग का शिकार होते रहते हैं। विवेक अग्निहोत्री ने ट्विटर पर ‘पठान’ की रिलीज से पहले एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें एक लड़की शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण के ‘बेशर्म रंग’ गाने की बुराई कर रही थी। इसके साथ अग्निहोत्री ने लिखा था, “बॉलीवुड के खिलाफ चेतावनी #PnV वीडियो। अगर आप धर्मनिरपेक्ष हैं तो मत देखिए।” हालांकि अब ये ट्वीट उन्होंने डिलीट कर दिया है।
अब उन्होंने बॉलीवुड बबल को एक इंटरव्यू दिया है। जिसमें उनसे उस ट्वीट के बारे में सवाल किया गया। जिसपर फिल्ममेकर ने कहा कि ऐसे लोगों के लिए दुख होता है। जो किसी के स्वभाव को बदलना चाहते हैं। उनका कहना है कि ऐसे लोगों को अपनी सोच बदलने की जरूरत है।
इसके बाद विवेक ने उस वक्त को याद किया, जब वह पहली बार रणवीर सिंह से मिले थे। विवेक ने बताया कि वह एक अवॉर्ड शो में रणवीर सिंह से मिले थे। लोगों को लगा था कि दोनों के बीच मनमुटाव होने वाला है, लेकिन रणवीर ने आकर उन्हें गले लगा लिया। इतना ही नहीं विवेक ने बताया कि रणवीर ने सबके सामने उनके पैर भी छुए। रणवीर ने कहा,”सर, जब मेरी न्यूड फोटोज आई, तब फिल्म इंडस्ट्री से सिर्फ आप ही थे, जिसने मुझे सबसे सामने सपोर्ट किया।
विवेक ने कहा कि उन्होंने अब तक किसी को इस बारे में नहीं बताया। अगर किसी के पास वह वीडियो है, तो कृप्या उसे शेयर न करें। ये बात उन्होंने रणवीर सिंह वाले किस्से के बारे में कही। उन्होंने ये भी कहा कि उन्होंने कई फिल्ममेकर्स और एक्टर्स को सपोर्ट किया है। वह चाहते हैं कि जवान लोग बहादुर और हिम्मतवाले बनें। “मैं हमेशा पूर्ण स्वतंत्र भाषण की बात करता हूं। मैं कहता हूं कि हेट स्पीच की भी अनुमति दी जानी चाहिए।”
क्या बोले थे विवेक अग्निहोत्री?
रणवीर सिंह के न्यूड फोटोशूट को लेकर एक्टर के खिलाफ तमाम एफआईआर भी दर्ज की गई थीं। इसपर विवेक अग्निहोत्री उनके सपोर्ट में उतरे थे। उन्होंने कहा था,”हमारी संस्कृति में मानव शरीर की हमेशा सराहना की गई है। मैं कहूंगा कि मानव शरीर ईश्वर की सबसे सुंदर रचना है। इसमें गलत क्या है?”
