बॉलीवुड फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री (Vivek Agnihotri) अपनी फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को लेकर आए दिन चर्चा में बने रहते हैं। अब हाल ही में साउथ एक्टर प्रकाश राज ने ‘द कश्मीर फाइल्स’ को ‘प्रोपेगैंडा फिल्म’ बताया था। एक इवेंट के दौरान उन्होंने फिल्म को बकवास करार दिया।

इतना ही नहीं प्रकाश राज (Prakash Raj) ने फिल्म के प्रोड्यूसर्स पर भी निशाना साधा। अब प्रकाश के बयान पर विवेक अग्निहोत्री की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि एक छोटी सी फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने अर्बन नक्सल की रातों की नींद उड़ा दी है।

विवेक अग्निहोत्री ने किया ट्वीट

फिल्ममेकर विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘एक छोटी सी फिल्म द कश्मीर फाइल्स ने अर्बन नक्सल की रातों की नींद इस कदर उड़ा दी है कि उनकी एक पीढ़ी एक साल बाद भी परेशान है, दर्शकों को भौंकने वाले कुत्ता कह रहे हैं। और मिस्टर अंधकार राज, मैं कैसे भास्कर प्राप्त कर सकता हूं, वो आपका है। हमेशा के लिए।’

अशोक पंडित ने भी किया ट्वीट

विवेक अग्निहोत्री का सपोर्ट करते हुए फिल्ममेकर अशोक पडित ने ट्वीट करते हुए लिखा कि ‘विवेक अग्निहोत्री की द कश्मीर फाइल्स, जो 80 के दशक के अंत और 90 के दशक की शुरुआत में कश्मीरी हिंदुओं के नरसंहार को दर्शाती हैं। यह फिल्म प्रकाश राज जैसे शहरी नक्सलियों के लिए भूकंप की तरह है। असर अभी भी जारी है। यह उन्हीं लोगों में से एक हैं जिन्होंने इस पूरी घटनाओं को छिपाने की पूरी कोशिश की थी।’

प्रकाश राज ने क्या कहा था

दरअसल हाल ही में एक इवेंट में कहा था कि ‘मैं द कश्मीर फाइल्स को सबसे नॉनसेंस और बकवास फिल्मों में से एक मानता हूं। हम बहुत अच्छे से जानते हैं कि इसे किसने प्रोड्यूस किया है। इंटरनेशनल जूरी तक ने उन पर थूक दिया। लेकिन फिल्म डायरेक्टर अब भी बेशर्म हैं। वो पूछ रहे हैं कि मुझे ऑस्कर क्यों नहीं मिल रहा है? उन्हें ऑस्कर क्या भास्कर भी नहीं मिलेगा।’

बता दें कि ‘द कश्मीर फाइल्स’ मार्च 2022 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में 90 के दशक में कश्मीरी पंडितों के नरसंहार की कहानी को दिखाया गया था। कम बजट में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की थी।