सच्ची घटनाओं पर आधारित ‘द कश्मीर फाइल्स’ और ‘द वैक्सीन वॉर’ जैसी फिल्में बनाने के बाद अब विवेक अग्निहोत्री धार्मिक कहानी को बड़े पर्दे पर लाने के लिए तैयार हैं। विवेक अग्निहोत्री ने ‘महाभारत’ पर फिल्म बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने ये भी बताया है कि वह 3 हिस्सों में फिल्म को बनाने वाले हैं। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर फिल्म का ऐलान करते हुए फैंस से ये भी पूछा है कि ‘महाभारत’ पौराणिक कथा है या इतिहास?

आपको बता दें कि प्रभास और कृति सेनन की फिल्म ‘आदिपुरुष’ को मिली आलोचना के बाद विवेक अग्निहोत्री ने हिंट दिया था कि वह संस्कृत महाकाव्य पर एक फिल्म बनाने की प्लानिंग कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वह एक प्रामाणिक फिल्म बनाएंगे। टाइम्स नाउ से बात करते हुए विवेक ने कहा कि सभी ने उनसे यह फिल्म बनाने के लिए कहा और तभी उन्होंने इस पर विचार भी किया। विवेक ने बताया कि उन्होंने अपना सारा जीवन पढ़ने, रिसर्च करने, विश्लेषण करने और अपने जीवन को अपने भाषणों में शामिल करने में बिताया है। लेकिन वह इसे पौराणिक कथाओं की तरह बनाना चाहते हैं।

विवेक ने कहा था, “अगर मुझे इसे बनाना होगा तो मैं इसे इतिहास की तरह बनाऊंगा। अन्य लोग बॉक्स ऑफिस के लिए कुछ बना रहे हैं और मैं इसे लोगों के लिए बनाने जा रहा हूं। दूसरो ने इसे अर्जुन, भीम और अन्य का महिमामंडन करने के लिए बनाया था। मेरे लिए, महाभारत धर्म बनाम अधर्म है।”

विवेक ने सोशल मीडिया पर महाभारत की एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, “बड़ा ऐलान। महाभारत पौराणिक कथा है या इतिहास? हम, @iambuddha_films में, पद्म भूषण डॉ. एसएल भैरप्पा की ‘आधुनिक क्लासिक’ प्रस्तुत करने के लिए ईश्वर के आभारी हैं- ‘पर्व: एन एपिक टेल ऑफ धर्म’। एक कारण है कि पर्व को ‘मास्टरपीस का भी मास्टरपीस’ कहा जाता है। धर्म वर्सेस अधर्म।”