जाने-माने गायक और संगीतकार विशाल ददलानी का जन्म 28 जून 1973 को हुआ था और आज (28.06.2017) वह 44 साल के हो गए हैं। विशाल कोई ट्रेंड म्यूजिशियन नहीं थे, उनका संगीत में इंट्रेस्ट अपने पिता का म्यूजिक कलेक्शन सुनकर बढ़ा। उन्होंने शेखर राजवानी के साथ मिलकर तमाम हिंदी, तेलुगू और मराठी फिल्मों के लिए संगीत दिया है। विशाल ने करियर की शुरुआत “प्यार में कभी कभी” गाने से की थी। यह गाना लोगों को काफी पसंद भी आया। हालांकि विशाल को बड़ी पहचान मिली 2003 में आई फिल्म झंकार बीट्स से। इस फिल्म में उनकी गायकी ने उन्हें न्यू टैलेंट हंट आर.डी बर्मन का पुरुस्कार भी दिलाया। इसके बाद विशाल के करियार ने उड़ान भरी और उन्होंने फिर कभी मुड़कर नहीं देखा। शाहरुख खान के ड्रीम प्रोजेक्ट रा-वन के लिए भी विशाल ने शेखर के साथ मिलकर संगीत दिया था।
2007 में विशाल ने फराह खान की शाहरुख खान स्टारर फिल्म ओम शांति ओम के लिए म्यूजिक डायरेक्शन किया। इस फिल्म में काम के लिए विशाल को आइफा, फिल्मफेयर और अप्सरा अवॉर्ड से नवाजा गया। 2008 आते-आते लाखों लोग विशाल के संगीत के दीवाने हो चुके थे। इंटरनेट और मोबाइल एप्लीकेशन्स के माध्यम से सुने जाने वाले विशाल सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। उनकी फिल्म रा-वन, और डर्टी पिक्चर के म्यूजिक ने बॉलीवुड में धूम मचा दी। दोनों ही फिल्मों के लिए विशाल को कई पुरुस्कारों से सम्मानित भी किया गया।
इसके बाद विशाल को मिलने वाले मौके ज्यादा होते गए और उनके पास वक्त कम रहने लगा। उन्होंने 2012 में करण जौहर की मेगा प्रोजेक्ट फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर के लिए म्यूजिक डायरेक्शन किया जिसे लोगों ने खूब सराहा। विशाल ने टीवी पर भी अपनी छाप छोड़ी। वह सारे गा मा पा सिंगिंग सुपरस्टार में पहली बार बतौर जज टीवी पर आए और इसके बाद वह इंडियन आइडल में भी जज की भूमिका निभा चुके हैं।