भारत के मशहूर क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग की आक्रामक बल्लेबाजी का हर क्रिकेट फैन दीवाना है। अपने फैंस के बीच ‘वीरू’ नाम से मशहूर वीरेंद्र सहवाग को ‘नजफगढ़ का नवाब’, ‘आधुनिक क्रिकेट का ज़ेन मास्टर’ भी कहा जाता है।सहवाग ने पाकिस्तान के खिलाफ उसी की ज़मीन पर तिहरा शतक बनाया था जिसके बाद उन्हें ‘मुल्तान का सुल्तान भी कहा जाने लगा था। उनके बल्ले से जब धुआंधार रन निकलने लगते थे तब बॉलर्स के लिए उन्हें रोक पाना मुश्किल हो जाता था।
वीरेंद्र सहवाग खेलते वक्त गाने भी गाते रहते थे और वो गाने किस तरह के गाएंगे यह इस बात पर निर्भर करता था कि वो कैसा खेल रहे हैं। कपिल शर्मा शो पर एक बार खुद वीरेंद्र सहवाग ने बताया था कि जब उनके रन नहीं बनते थे तो वो भजन गाना शुरू कर देते थे। उन्होंने पूरा किस्सा सुनाया, ‘मेरा एक ही मानना है कि बॉल आती है तो बाउंड्री तक पहुंचाना मेरा काम है। ये मेरी सोच है। इस सोच में मैं कभी- कभी आउट भी हो जाता था तो इस सोच को दूर करने के लिए गाने भी गाने लग जाता था।’
वीरेंद्र सहवाग ने आगे बताया, ‘गानों का ऐसा किस्सा था कि जब मेरे रन नहीं बनते थे तो मैं मन ही मन में भजन गाता था। और जब रन बनने शुरू हो जाते थे तो फिर बॉलीवुड पर आ जाता था। चिट्टियां कलाइयां, शीला की जवानी जैसे गाने गाता था।’
सहवाग ने शो पर एक और वाकया शेयर किया। उन्होंने बताया कि वो शादी के बाद कभी ससुराल नहीं गए। उन्होंने बताया, ‘मैं एक बार ही गया था ससुराल, शादी से पहले। जब मैं वहां गया तो मुझे निकलने का मौका नहीं मिला क्योंकि नीचे 10 हज़ार लोग जमा हो गए। उस दिन के बाद मैंने सोच लिया कि कभी ससुराल नहीं आऊंगा। उस दिन पुलिस बुलाई गई, पुलिस ने भीड़ को हटाया तब मैं वापस अपने घर गया।’
वीरेंद्र सहवाग की शादी अप्रैल 2004 में हुई थी। वीरेंद्र सहवाग की पत्नी का नाम आरती अहलावत है। दोनों की प्रेम कहानी के भी खूब चर्चे होते हैं। वीरेंद्र सहवाग के दो बेटे हैं- आर्यवीर जिनका जन्म अक्टूबर 2007 में हुआ था और वेदांत जिनका जन्म 2010 में हुआ था।