बीते ज़माने के मशहूर एक्टर स्वर्गीय विनोद खन्ना की पहली पत्नी गीतांजलि खन्ना का निधन हो गया है। उनकी उम्र 70 साल थी। गीतांजलि की मौत का कारण अभी तक पता नहीं लग पाया है। उनके दो बच्चे अक्षय खन्ना और राहुल खन्ना हैं। रिपोर्ट के अनुसार गीतांजलि और उनके दोनों बेटे अक्सर मांडवा के फार्महाउस आते रहते हैं। गीतांजलि और अक्षय खन्ना शनिवार की सुबह 11 बजे इस फॉर्महाउस में पहुंचे थे। दोपहर में ही गीतांजलि ने तबीयत खराब होने की बात कही थी। उन्हें बैचेनी महसूस हो रही थी और इसके बाद उन्हें एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया था जहां उन्हें कुछ दवा दी गई थी। लेकिन तबीयत ठीक न होने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। ये अस्पताल मांडवा से बीस किलोमीटर की दूरी पर था। अलीबाग सिविल अस्पताल के मुताबिक, गीतांजलि जब अस्पताल पहुंची तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
गौरतलब है कि विनोद और गीतांजलि दोनों बचपन के अच्छे दोस्त थे और स्कूल के दिनों से एक-दूसरे को पसंद करते थे। साल 1971 में विनोद खन्ना ने गीतांजलि से शादी कर ली थी। हालांकि 14 सालों के शादीशुदा जीवन के बाद दोनों का तलाक हो गया था। साल 1985 में उन्होंने एक-दूसरे से तलाक ले लिया था।
गौरतलब है कि विनोद खन्ना के आध्यात्मिक जीवन और ओशो के संपर्क में आने के चलते दोनों के बीच दूरियां बढ़ती चली गईं थी। विनोद ओशो के आश्रम अमेरिका चले गए थे हालांकि इसके बाद भी वे फोन पर गीतांजलि से बात करते थे। इस दौरान गीतांजलि उन्हें वापस लौटने के लिए कहती थीं, लेकिन वह नहीं लौटे। आखिरकार गीतांजलि ने विनोद से तलाक के लिए अर्जी फाइल की और फिर उन्होंने आधिकारिक रूप से अलग होने का फैसला कर लिया। विनोद खन्ना जब ओशो की शरण में गए थे, उस दौर में उनका फिल्मी करियर ऊंचाईयों पर था और वे अमिताभ बच्चन के सुपर स्टारडम को चुनौती देने के काबिल थे लेकिन उन्होंने सब कुछ छोड़कर ओशो की शरण में जाना बेहतर समझा। ओशो के साथ कुछ साल अपनी आध्यात्मिक यात्रा बिताने के बाद विनोद ने एक बार फिर बॉलीवुड में वापसी की और उन्होंने कई फिल्मों में काम किया था। इसके अलावा उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के साथ राजनीतिक पारी भी खेली थी।