CineGram: विनोद खन्ना न सिर्फ एक महान अभिनेता थे, बल्कि एक महान पॉलीटिशन भी थे। वह हमेशा सुर्खियों में रहते थे, 1970 के दशक में बेहतरीन अभिनय के चलते वह चर्चा में रहे और 1980 के दशक की शुरुआत में वो एक्टिंग छोड़कर ओशो आश्रम चले गए थे। इसके बाद जब उन्होंने वापसी की तो उन्होंने न केवल फिल्मों में वापसी की, बल्कि लोकसभा चुनाव भी लड़े और जीत भी हासिल की। उस वक्त विनोद खन्ना पहले फिल्मी स्टार थे, जिन्होंने चार बार लोकसभा चुनाव लड़े और हमेशा जीत हासिल की।
विनोद खन्ना 1997 में बीजेपी में शामिल हो गए थे और 1998 के लोकसभा चुनाव में उन्हें पंजाब के गुरदासपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुना गया। 1999 और 2004 में, वह उसी निर्वाचन क्षेत्र से फिर से चुने गए, हालांकि वह 2009 में हार गए, लेकिन 2014 में फिर लौट आए। उन्हें केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री बनाया गया और बाद में विदेश मंत्रालय में राज्य मंत्री के रूप चुना गया।
हाल ही में सिद्धार्थ कनन के साथ खास बातचीत में लेखक-निर्देशक-अभिनेता अनंत महादेवन ने विनोद खन्ना के साथ अपने रिश्ते को याद किया। उन्होंने एक दिलचस्प किस्सा शेयर करते हुए कहा कि राजनीति में उनके सफलता को देखने के बाद, उन्होंने उन्हें भारत के प्रधानमंत्री पद के लिए चुनाव लड़ने का सुझाव दिया गया था, लेकिन एक्टर ने मना कर दिया।
अनंत महादेवन ने कहा, “एक बार मैंने उन्हें कहा, सर आपको इस देश के प्रधानमंत्री पद के लिए खड़ा होना चाहिए। बदलाव के लिए अच्छे दिखने वाले प्रधानमंत्री से हमें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा, ‘नहीं अनंत, तुम नहीं जानते। यह बहुत ही खतरनाक खेल है। उतना सरल नहीं है जितना आप सोचते हैं। उतना सीधा नहीं जितना आप सोचते हैं। मैं पंजाब से सांसद हूं, ठीक है, मैं अपना काम कर रहा हूं, लेकिन इससे आगे यह आसान नहीं है, भले ही मैं उस पद पर हूं।”
विनोद खन्ना के साथ अपनी बॉन्डिंग के बारे में बात करते हुए अनंत ने कहा, “अपने निधन के समय तक, वह मुझे जोक्स और छोटी-छोटी कहानियों के बहुत मजेदार ईमेल भेजते थे। हम लंबे समय तक कॉन्टेक्ट में रहे। उन्होंने बहुत कुछ सहा है।”
दिवंगत अभिनेता के बारे में अनंत ने कह, “विनोद खन्ना किसी भी तरह बिंदास नहीं थे, न ही वो पूरी तरह से इंट्रोवर्ट थे। उनसे बात करते तो उन्होंने खुल कर बात करते। वो आपसे कई चीजों के बारे में बात करते…” बता दें कि विनोद खन्ना का 27 अप्रैल, 2017 में निधन हो गया था। उनसे जुड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें…