भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार दिनेश लाल यादव अब अपनी मां के साथ रोटियां बेलते नजर आए हैं। दिनेश लाल यादव ने अपने इंस्टाग्राम से एक नया वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में अभिनेता घर की रसोईघर में अपनी मां के साथ मौजूद हैं। निरहुआ रसोईघर में खड़े होकर रोटियां बेल रहे हैं। निरहुआ अपनी मां से कहते हैं कि ‘आपकी दोनों बहुएं आपको छोड़ कर मुंबई जा सकती हैं, लेकिन हम आपको छोड़ कर नहीं जा सकते हैं।’ निरहुआ कहते हैं कि ‘वो उनके साथ हैं और उनकी मदद करेंगे।’
इसपर उनकी मां उन्हें कहती हैं कि ‘उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। उन्हें किसी की मदद नहीं चाहिए वो खुद कर सकती हैं।’ इसके बीच मां अपने बेटे पर थोड़ा गुस्सा भी दिखाती हैं और कहती हैं कि ‘तुम सीख लो सब यहीं पर।’ इसपर दिनेश लाल यादव अपनी मां से कहते हैं कि ‘वो सीख नहीं रहे हैं। देख लो मां मैं गोल-गोल रोटियां बना रहा हूं।’ इसपर उनकी मां फिर कहती हैं कि ‘जाओ-जाओ यहां से।’
अभिनेता ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है कि ‘मां के साथ रोटी बनाने का मजा ही अलग है।’ उनका यह वीडियो उनके चाहने वालों को काफी रास आ रहा है। रसोईघर के काम में मां की मदद करने पर कई प्रशंसक उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
दिनेश लाल यादव भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े अभिनेता हैं। इस अभिनेता ने फिल्म इंडस्ट्री को अब तक कई सारी हिट फिल्में दी हैं। दिनेश लाल यादव की नई फिल्म ‘निरहुआ हिन्दुस्तानी 3’ जल्दी ही सिनेमा पर्दे पर दस्तक देने वाली है। इस फिल्म में अभिनेत्री आम्रपाली दूबे भी नजर आएंगी। हाल ही में इस फिल्म का ट्रेलर भी रिलीज किया गया था। हिन्दुस्तानी 3 का ट्रेलर लोगों को काफी पसंद आया है। फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।