अक्सर बॉलीवुड सितारे अपनी फिल्मों को प्रमोट करने के लिए कई तरह की मार्केटिंग रणनीतियां और हथकंडे अपनाते हैं और इसी कड़ी में वरूण धवन का नाम भी शामिल हो गया है। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म ‘सुई धागा’ में अपने लुक के लिए एक स्थानीय नाई के पास जाकर अपनी दाढ़ी बनवाई।

रिपोर्ट्स के अनुसार, वरूण को इस फिल्म के आखिरी हिस्से को मुंबई में शूट करना था और उन्हें एक बार फिर फिल्म के लिए अपने मौजी लुक में आना था। वरूण की इस दौरान दाढ़ी काफी बढ़ चुकी थी और उन्हें अपने मौजी लुक के लिए केवल मूंछें रखनी थी। वरूण ने फैसला किया कि वो अपने लुक के लिए एक लोकल नाई की दुकान पर जाएंगे। वरूण मुंबई की सड़कों पर साइकिल चलाते हुए एक स्थानीय नाई के पास पहुंचे। इस दुकान का नाम भारत सलून था। आस पास मौजूद लोगों को विश्वास ही नहीं हुआ कि वरूण धवन जैसा स्टार एक भीड़ भरी सड़क पर साइकिल चलाते हुए आ रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, वरूण धवन को अपनी दुकान पर देखकर नाई बेहद हैरान था। कुछ देर बाद जब वो सहज हुआ तो उसे एहसास हुआ कि उसे दाढ़ी बनानी है। उसने अपना काम पूरा किया और वरूण ने भी अपने लुक को देखकर नाई की काफी सराहना की। वरूण ने उस नाई को परफेक्ट मौजी लुक के लिए धन्यवाद भी दिया। वरूण जब बाहर निकले तो फैंस का जमावड़ा लग चुका था। सुई धागा, यशराज बैनर के तले बन रही है और इस फिल्म में पहली बार वरूण धवन और अनुष्का शर्मा एक साथ काम करते नज़र आएंगे। इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्म में शुमार ‘सुई धागा’ में दोनों कलाकार एक शादीशुदा कपल का रोल निभा रहे हैं। सुई धागा को भारत सरकार की मेक इन इंडिया आइडयोलॉजी के तहत निर्माण किया जा रहा है। ये फिल्म 28 सितंबर 2018 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

गर्लफ्रेंड के साथ अपने जन्मदिन पर जमकर नाचे मनवीर गुर्जर