करण जौहर ने अपनी फिल्म शिद्दत के लिए काफी अच्छी कास्ट को साइन किया है। यह फिल्म अगले साल से शुरू होगी। इसमें वरुण धवन, आलिया भट्ट और आदित्य रॉय कपूर लीड रोल में होंगे। इसके अलावा संजय दत्त और श्रीदेवी भी अहम भूमिका निभाएंगे। इस फिल्म को लेकर डीएनए ने लेटेस्ट अपडेट्स दिए हैं। एक सूत्र ने डीएनए को बताया- वरुण और आदित्य फिल्म में भाई का रोल निभाएंगे जबकि संजय और श्रीदेवी उनके पैरेंट्स के तौर पर नजर आएंगे। पूरी फिल्म में दोनों भाईयों का तनावपूर्ण संबंध होगा। वरुण दिलवाले में शाहरुख खान के छोटे भाई का रोल निभा चुके हैं। लेकिन पहली बार दोनों स्क्रीन पर एक-दूसरे के भाई बनेंगे।
शिद्दत भारत और पाकिस्तान विभाजन के समय पर आधारित है। सूत्र ने आगे बताया कि डिजायनर मनीष मल्होत्रा ने कास्ट के लिए कपड़ों को डिजायन करना शुरू कर दिया है। 40 का दशक एक बार फिर क्रिएट किया जाएगा। इसके लिए शहर में बहुत बड़ा सेट बनाया जा रहा है जहां फिल्म की शूटिंग होगी। वरुण धवन और आदित्य रॉय कपूर जहां भाई के किरदार में होंगे वहीं आलिया दोनों के बीच विवाद का कराण होंगी। इसलिए फिल्म को लव ट्राएंगल कहा जा सकता है। इससे पहले भी आलिया और वरुण के बीच लव ट्राएंगल वाली कहानी को स्टूडेंट ऑफ द ईयर में देखा जा चुका है। वर्कफ्रंट की बात करें तो आदित्य को आखिरी बार श्रद्धा कपूर के साथ ओके जानू में देखा गया था। वहीं वरुण धवन की जुड़वा 2 बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है।
जुड़वा 2 साल 2017 की बड़ी फिल्मों में से एक बन गई है। इस फिल्म को दशहरे के मौके पर अकेली रिलीज होने का फायदा मिला। इसके अलावा लगातार चार छुट्टियां होने की वजह से दर्शक सिनेमाघरों में पहुंचे। क्रिटिक्स की तरफ से जहां फिल्म को मिले-जुले रिव्यू मिले थे वहीं दर्शकों ने इसपर ढेर सारा प्यार लुटाया है। तापसी पन्नू औऱ जैकलीन फ्रनांडिस ने भी फिल्म में अहम भूमिका निभाई है।
फिल्म में पहली बार वरुण धवन ने डबल रोल निभाया है। यह फिल्म 1997 में आई सलमान खान की जुड़वा की सीक्वल है। अपनी सफलता का श्रेय एक्टर ने अपने पिता और फिल्म के निर्देशक डेविड धवन को दिया है। जुड़वा 2 डेविड की 44वीं फिल्म है।