प्रभास और कृति सेनन स्टारर फिल्म ‘आदिपुरुष’ को लेकर फैंस में मन में बड़ा क्रेज था। 16 जून यानी आज ये फिल्म रिलीज हुई लेकिन दर्शकों को निराशा हाथ लगी है। फिल्म के डायलॉग पर तमाम लोग आपत्ति जता रहे हैं। हिंदू सेना ने तो फिल्म को बैन करने की मांग तक कर दी है। इसी बीच अपने गीत ‘यूपी में का बा’ से मशहूर हुईं लोक गायिका नेहा सिंह राठौड़ ने फिल्म के डायलॉग लिखने वाले राइटर मनोज मुंतशिर पर निशाना साधा है। उन्होंने मुंतशिर को लुच्चा कह दिया है।

नेहा ने ट्विटर पर लिखा है,”पौराणिक कथाओं का फिल्मांकन सिर्फ सिनेमाई गतिविधि नहीं बल्कि एक बहुत बड़ी सामाजिक जिम्मेदारी भी है। इनकी मूल भावना के साथ छेड़छाड़ करना परंपरा के साथ छेड़छाड़ करना है। ‘आदिपुरुष’ फिल्म में मनोज मुंतशिर के लिखे संवादों ने रामायण के पात्रों की जो छवि प्रस्तुत की है, वो किसी भी दशा में स्वीकार्य नहीं है। पर इसमें सारी गलती मनोज मुंतशिर की नहीं है। बड़ी जिम्मेदारियां बड़े लोगों को दी जानी चाहिए, लुच्चों को नहीं।”

इतना ही नहीं नेहा ने ये भी कहा है,”रामायण की महान कथा पर आधारित फिल्म आदिपुरुष के घटिया और निम्नस्तरीय डायलॉग लिखकर मनोज मुंतशिर ने चौहारे पर चार जूता पाने का काम किया है।”

इसपर श्वेता कर्ण नाम की यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा,”रावण तो खुद वेदों का महा ज्ञाता, शिव भक्त था। उसकी ऐसी छवि… हनुमान जी के लिए ऐसे ऐसे शब्द। कृप्या करके अपने बच्चों को इस फिल्म से दूर रखें। नहीं तो उनके मन में रामायण की छवि यही बन जाएगी। श्री राम सदबु्द्धि दे इन सबको।”

हिंदू सेना ने फिल्म को बैन करने की मांग की है। उनका कहना है कि हमारी संस्कृति के साथ छे़ड़छाड़ की गई है, रामायण का मजाक उड़ाया गया है। ऐसे में फिल्म पर रोक लगाने की मांग की जा रही है। वहीं नेपाल में भी फिल्म को रिलीज पर बैन लगा दिया गया है। फिल्म में जानकी को भारत की बेटी बताया है, जबकि नेपाल का कहना है कि वह नेपाल की बेटी थीं।