कोविड – 19 के चलते कई महीनों से बंद पड़े सिनेमा हॉल अब कुछ शर्तों के साथ खुल रहे हैं। अनलॉक-5 की गाइडलाइंस में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को 15 अक्टूबर से 50 प्रतिशत की क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दे दी है। इस खबर से बॉलीवुड सेलेब्स काफी खुश नजर आ रहे हैं और सोशल मीडिया के जरिये अपनी खुशी जाहिर कर हैं। बॉलीवुड एक्टर अभिषेक बच्चन भी इसमें शामिल हैं।

अभिषेक बच्चन ने सिनेमा हॉल खोलने की घोषणा से जुड़ी एक खबर शेयर करते हुए एक ट्वीट किया और लिखा,‘ इस हफ्ते की सबसे अच्छी खबर!’ अभिषेक के इस ट्वीट पर कुछ लोग तंज कसने लगे। कई लोग अभिषेक को ट्रोल भी करने लगे। एक यूज़र ने अभिषेक के पोस्ट में सवाल करते हुए पूछा, ‘ लेकिन क्या तब भी आप बेरोजगार नहीं रहने वाले हैं?’

इस पर अभिषेक बच्चन ने उस यूज़र को जो जवाब दिया, उसकी खूब तारीफ हो रही है। उन्होंने लिखा, ‘यह आप लोगों यानी दर्शकों के हाथ में है। अगर आप हमारा काम पसंद नहीं करते हैं तो हमें हमारा दूसरा काम नहीं मिलता है। इसलिए हम पूरी क्षमता के साथ अपना बेस्ट देने का प्रयास करते हैं और अच्छे की उम्मीद-प्रार्थना करते हैं।’

एक अन्य  यूज़र ने उन पर तंज कसते हुए पूछा, ‘आपको द्रोणा के बाद फिल्में कैसे मिलीं?’ आपको बता दें कि अभिषेक बच्चन की 2008 में आई फिल्म ‘द्रोणा’ फ़्लॉप साबित हुई थी। ट्विटर यूज़र के इस सवाल का जवाब भी अभिषेक बच्चन ने बेहद शालीनता से दिया। उन्होंने लिखा, ‘नहीं मिली। मुझे कई फिल्मों से निकाला गया और किसी फिल्म में कास्ट होना मेरे लिए बहुत मुश्किल हो गया था। लेकिन हम उम्मीद के साथ जीते हैं और कोशिश करते रहते हैं, अपने लक्ष्यों को पाने की उम्मीद में काम करते हैं। आपको हर रोज़ उठकर अपने लिए संघर्ष करना पड़ता है। जिंदगी में कुछ भी आसानी से नहीं मिलता। जब तक जीवन है, संघर्ष है।’

अभिषेक बच्चन को आखिरी बार साल 2018 में आई फिल्म ‘मनमर्जिया’ में देखा गया था। अनुराग कश्यप के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अभिषेक के साथ तापसी पन्नू और विक्की कौशल भी थे।