टीवी रियलिटी शो ‘बिग बॉस 16’ से फेम बटोरने वाले अब्दु रोजिक पिछले काफी समय से अपनी शादी को लेकर चर्चा में थे। उन्होंने इसी साल 5 महीने पहले ही मंगेतर अमीरा से सगाई की थी। सगाई की ढेर सारी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आई थी। फैंस उनकी होने वाली दुल्हनिया को देखने के लिए बेताब थे। उनकी शादी का सभी को बेसब्री से इंतजार था। लेकिन, अब इसी बीच अब्दु ने खुद खुलासा किया है कि उनका रिश्ता टूट गया है और उन्होंने अभी शादी ना करने का फैसला किया है। इसकी वजह को लेकर उनका कहना है कि सांस्कृतिक मतभेदों के चलते उन्होंने रिश्ते को आगे बढ़ाने से मना कर दिया है। वो 7 जुलाई को निकाह करने वाले थे।

दरअसल, अब्दु रोजिक ने हाल ही में ई-टाइम्स से बात की। इस दौरान उन्होंने अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की और बताया कि उनका रिश्ता जैसे-जैसे डेवलप हो रहा था, उसमें सांस्कृतिक मतभेद बढ़ते जा रहे थे। इसलिए उनको अपना शादी का फैसला बदलना पड़ा। उन्होंने कहा कि वो हर दिन काफी मुश्किलों का सामना करते हैं। इसलिए उन्हें ऐसे साथी की तलाश है, जो मानसिक रूप से मजबूत हो और आगे के सफर में उनका साथ दे सके।

फिर से प्यार की एंट्री होगी- अब्दु रोजिक

अब्दु रोजिक ने आगे कहा कि आज वो जिस भी मुकाम पर हैं इसके पीछे उनकी कड़ी मेहनत है। अपनी सफलता का क्रेडिट उन्होंने खुद को ही दिया है। अब्दु ने कहा कि उन्होंने जिनसे मुलाकातें की है सभी के साथ अच्छे संबंध ही बनाए हैं। इसके लिए वो सभी का धन्यवाद करते हैं। इतना ही नहीं, अपने जीवन में प्यार की रि-एंट्री को लेकर उम्मीद जताई कि उनकी लाइफ में सही समय पर एक बार फिर से प्यार की एंट्री होगी। अंत में अब्दु ने फैंस के समर्थन और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया भी अदा किया है।

5 महीने पहले इनसे की थी सगाई, शादी के लिए थे खुश

गौरतलब है कि अब्दु रोजिक ने 5 महीने पहले ही 24 अप्रैल, 2024 को UAE के शारजाह में अमीरा के साथ सगाई की थी। 20 साल के अब्दु 7 जुलाई को 19 साल की अमीराती लड़की से शादी करने की प्लानिंग कर रहे थे। वो अपने निकाह के लिए काफी एक्साइटेड थे। शादी और सगाई की खुशी उनकी चेहरे पर साफतौर से इंगेजमेंट फंक्शन के दौरान देखने के लिए मिली थी। वायरल तस्वीरों और वीडियो में अब्दु जिंदगी की शुरुआत को लेकर काफी खुश थे। लेकिन, अब उनकी ये शादी टूट गया है। इस रिश्ते को तोड़ना उनके लिए काफी मुश्किलों भरा रहा है।