टीवी सीरियल ‘बालिका वधू’ में आनंदी का रोल प्ले कर घर-घर में पहचान बनाने वाली एक्ट्रेस अविका गौर (Avika gor) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। टीवी सीरियल्स के बाद अब वो फिल्मों में एंट्री कर चुकी हैं। उन्होंने फिल्मों में साउथ मूवीज से करियर की शुरुआत की थी। वहीं, बॉलीवुड में फिल्म ‘1920’ से करियर की शुरुआत की थी। अब इन दिनों एक्ट्रेस ‘ब्लडी इश्क’ को लेकर चर्चा में हैं। ऐसे में वो इसके प्रमोशन में जमकर बिजी हैं। इसी बीच अविका ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर एक इंटरव्यू में बात की है। उन्होंने बॉयफ्रेंड मिलिंद चांदवानी के साथ अपने रिश्ते पर बात की है। उन्होंने कहा कि वो मन ही मन शादी कर चुकी हैं।
दरअसल, टीवी एक्ट्रेस अविका गौर हाल ही में हर्ष लिम्बाचिया और भारती सिंह के पॉडकास्ट में पहुंची थीं। इस दौरान 26 साल की एक्ट्रेस ने बॉयफ्रेंड मिलिंग चंदवानी को लेकर कहा कि वो एक 9-5 कॉर्पोरेट वाले आदमी हैं। वो एक एनजीओ भी चलाते हैं। दोनों की पहली मुलाकात हैदराबाद में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी। एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने 6 महीने के लिए फ्रेंड जोन रखा था। वो मिलिंद को पहले दिन से ही पसंद करने लगी थीं। एक्ट्रेस को उन पर पूरा यकीन था इसलिए शुरुआत में वो दोस्त बनने के लिए राजी हो गई थीं।
अविका ने ये भी बताया कि वो मिलिंद को अपने परिवार से भी मिलवा चुकी हैं। लेकिन, उस समय उन्होंने उन्हें एक दोस्त की हैसियत से मिलवाया था। एक्ट्रेस ने बताया था कि इस मुलाकात के बाद उनकी शादी का सवाल तुरंत उठ खड़ा हुआ था। वो बताती हैं कि मां तो मां होती हैं। उन्होंने भले ही मिलिंद को दोस्त के तौर पर मिलाया था लेकिन वो समझ गई थीं। अविका उस समय में मिलिंद की एनजीओ के लिए पैसे जुटा रही थीं।
बॉयफ्रेंड ने फ्रेंड जोन के बाद कबूला प्यार
इसके साथ ही अविका गौर ने बताया कि मिलिंद काफी समझदार हैं। उन्होंने 6 महीने के लिए एक्ट्रेस को फ्रेंड जोन में रखा था। इसके बाद उन्होंने खुद आकर प्यार कबूला था कि वो उनसे प्यार करते हैं। इस पर एक्ट्रेस ने उनसे पूछा था कि फिर ये 6 महीने का क्या ड्रमा था? इस पर मिलिंद ने उन्हें समझाया था कि वो जल्दबाजी नहीं चाहते थे और देखना चाहते थे कि वो सच में एक-दूसरे को दोस्त के तौर पर पसंद करते हैं या फिर बात आगे बढ़ेगी।
मन ही मन कर चुकी हैं शादी
अविका गौर ने आगे ये भी बताया कि वो जल्द से जल्द शादी करना चाहती हैं, लेकिन मिलिंद चीजों को ज्यादा मैच्योर तरीके से करना चाहते हैं। एक्ट्रेस कहती हैं कि उनके हाथ में होता तो वो साढ़े चार साल पहले ही शादी कर चुकी होतीं। उनको कुछ सोचना ही नहीं था। उन्होंने कहा कि लेकिन वो अपने दिमाग में शादी कर चुकी हैं। मिलिंद ने अविका से कहा था कि वो 32 के हैं और एक्ट्रेस 26 की हैं तो अभी उनका काम करने का समय है। उन्होंने गर्लफ्रेंड को काम करने और लाइफ को देखने के लिए समय लेने की सलाह दी।
बहरहाल, अगर अविका गौर के करियर की बात की जाए तो एक्ट्रेस गुजराती परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उन्होंने 2007 में ‘श्श्श्श्… कोई है’ से टीवी पर डेब्यू किया था। लेकिन, पॉपुलैरिटी ‘बालिका वधू’ से मिली थी। उन्होंने 2013 में Uyyala Jampala से साउथ में कदम रखा। वो शाहिद कपूर की ‘पाठशाला’ में बतौर चाइल्ड एक्ट्रेस काम कर चुकी हैं।