टीवी एक्ट्रेस ऋचा दीक्षित के घर पर 50 लाख की चोरी हो गई है। चोर नकदी के साथ-साथ सारे गहने भी ले गए। यह चोरी ऋचा के कानपुर वाले घर में हुई है जहां पर उनके माता-पिता रहते हैं। ऋचा सावधान इंडिया, क्राइम पैट्रोल जैसे शो में काम कर चुकी हैं। जिस वक्त चोरी हुई तब ऋचा के माता-पिता अपने बेटे से मिलने के लिए कोटा गए हुए थे। ऋचा के घरपर ज्यादा कैश और जूलरी उनकी होने वाली शादी की वजह से थी। ऋचा की 11 जुलाई को ही सगाई हुई थी और जल्द ही शादी होने वाली थी। उनकी सगाई बैंगलूरू के एक इंजीनियर से हुई थी। ऋचा के घरवाले इस घटना से काफी दुखी हैं। ऋचा ने बताया कि उनकी सगाई की अंगूठी को भी चोरों ने नहीं छोड़ा।
ऋचा ने बताया कि उन्हें काफी नुकसान हुआ है। उनके मुताबिक, उनके घर में हुई यह तीसरी चोरी थी। उन्होंने बताया, ’11 जुलाई को मेरी सगाई हुई थी। सगाई के बाद मेरे पेरेंट्स कोटा चले गए। 18 जुलाई को हमारे पड़ोसियों का कॉल आया, उन्होंने बताया कि हमारे गेट का मेन दरवाजा टूटा हुआ है। उन्हें चोरी का शक था। हम लोग जानकारी मिलते ही घर वापस आ गए। घर जाकर देखा को सारा सामान बिखरा पड़ा था। गेट और लॉक टूटे पड़े थे। सारे पैसे और जूलरी गायब थी। ‘
ऋचा ने बताया कि उनकी मां और बहन की जूलरी भी चोरी हुई है। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तलाश जारी कर दी है। ऋचा ने कहा, ‘पुलिस अपना काम कर रही है। मुझे उम्मीद है कि वह दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ लेगी।’
मामले में ऋचा और उनके पिता को अपने एक पड़ोसी पर शक है। उससे उनकी लड़ाई चलती रहती है।