Tunisha Sharma Suicide Case: तुनिशा शर्मा मामले में शीजान खान की पुलिस कस्टडी एक और दिन के लिए बढ़ा दी गई है। तुनिशा की मां ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में शीजान खान पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शीजान ने ही तुनिशा को फांसी के फंदे से उतारा और उसके बाद एंबुलेंस नहीं बुलवाई। उनका कहना है कि ये मर्डर भी हो सकता है। उन्होंने कहा है कि शीजान, तुनिशा को इस्लाम कबूल करवाना चाहता था। उन्होंने ये भी कहा कि शीजान की बहन, तुनिशा को आए दिन दरगाह पर ले जाया करती थी।

शीजान से प्रभावित हो रही थीं तुनिशा
तुनिशा की मां ने कहा कि उनकी बेटी के व्यवहार में बदलाव आने लगे थे। वह शीजान की मां को अम्मा और बहनों को अप्पी कहने लगी थीं। शीजान ने शादी का वादा किया था और उन्हें मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करते थे। वह शीजान की बहनों और मां को हजारों से लेकर 1 लाख तक के गिफ्ट दे चुकी थीं।

उनकी मां ने कहा कि शीजान को ऐसा नहीं करना चाहिए था। अगर उनका किसी अन्य लड़की के साथ अफेयर था तो उन्हें तुनिशा से वादा नहीं करना चाहिए था। तुनिशा की मां ने कहा कि शीजान ने ही उसे उतारा और फिर एंबुलेंस नहीं बुलाई। हां ये मर्डर भी हो सकता है।

अस्पताल जाने तक दम तोड़ चुकी थीं तुनिशा
तुनिशा के मामा ने कहा कि उन्हें शो के सेट से पता चला है कि तुनिशा को फांसी से उतारने के 15 मिनट बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर से पता चला कि अस्पताल लाने से आधा घंटा पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

शीजान ने मेरी बेटी को मारा था थप्पड़
तुनिशा की मां ने बताया कि तुनिशा ने शीजान के फोन में एक लड़की के साथ उनकी चैट पढ़ ली थी। जब उन्होंने इस बारे में बात करनी चाही तो शीजान ने उन्हें थप्पड़ मार दिया।

जन्मदिन पर सरप्राइज देने वाली थीं तुनिशा की मां
तुनिशा की मां ने बताया कि 4 जनवरी को उनकी बेटी का बर्थडे था और वह उन्हें सरप्राइज बर्थडे पार्टी देने वाली थीं। तुनिशा 25 दिसंबर को क्रिस्मस मनाने के लिए चंडीगढ़ जाने वाली थीं, लेकिन 24 को ही उन्होंने आत्महत्या कर ली।