Tunisha Sharma Case: तुनिशा शर्मा सुसाइड केस में पुलिस बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस रोज इस मामले में कोई न कोई खुलासे क रही है। पुलिस ने मौके से 3 फोन बरामद किए थे। जिनमें से 2 iPhone थे। तुनिशा का फोन लॉक था, जिसे अनलॉक करवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि तुनिशा के फोन में शीजान (Sheezan Khan) की मां और बहनों के साथ चैट मिली है।

तुनिशा शर्मा के फोन में कई अहम सबूत मिल सकते हैं। इसलिए वालिव पुलिस ने एपल के अधिकारियों को बुलवाकर उनका फोन अनलॉक करवा लिया है। अब उनकी चैट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

तुनिशा की मां ने लगाया आरोप

दूसरी तरफ आरोपी शीजान खान (Sheezan Khan) से लगातार पूछताछ की जा रही है। इसी बीच पुलिस ने तुनिशा के परिवार से बात की। प्राइवेसी का ध्यान रखते हुए खुफिया जगह पर तुनिशा की मां (Tunisha Sharma’s Mother), मौसी और मामा का बयान दर्ज किया गया।

तुनिशा की मां ने पुलिस को बताया कि शीजान ड्रग्स के आदि थे। जिसे लेकर तुनिशा उनसे लड़ा करती थीं। तुनिशा को शीजान का ड्रग्स लेना पसंद नहीं था। उन्होंने ये भी कहा कि शीजान उनसे इस्लाम कबूल करवाना चाहता था। उन्होंने बताया कि तुनिशा को शीजान के फोन में सबूत मिले थे कि वो उन्हें चीट कर रहे थे, इस बारे में सवाल करने पर शीजान ने उनकी बेटी को थप्पड़ मारा था। उनका कहना है कि जब तक शीजान को सजा नहीं मिल जाती वह चुप नहीं बैठेंगी।

तुनिशा की मेड ने किए खुलासे

तुनिशा के घर की मेड ने शीजान को लेकर खुलासे किए हैं। उसका कहना है कि तुनिशा ने जिस दिन आत्महत्या की उस दिन वह चंडीगढ़ जाने वाली थी। इतना ही नहीं उसने बताया कि शीजान तुनिशा के घर पर 5-6 दिन रुका करते थे। दोनों का एक दूसरे के घर आना-जाना था। इतना ही नहीं उसने दावा किया है कि शीजान ने तुनिशा की मां से वादा किया था कि वह तुनिशा से शादी करेगा।

बता दें कि तुनिशा की मौत के बाद से ही शीजान खान पुलिस हिरासत में हैं। उन्हें 4 दिन के लिए पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिसे दो दिन और बढ़ा दिया गया है।

पुलिस की मानें तो शीजान, तुनिशा संग अपने ब्रेकअप की वजह नहीं बता रहे हैं। हालांकि पुलिस को उनके फोन से पता चला है कि तुनिशा ने जिस दिन आत्महत्या की थी, उस दिन शीजान ने 2 घंटे तक अन्य लड़की से फोन पर बात की थी। उस लड़की को शीजान की गर्लफ्रेंड बताया जा रहा है। तुनिशा की मां ने भी शीजान पर चीट करने का आरोप लगाया है।