‘द कश्मीर फाइल्स’ के बाद फिल्म की टीम साथ में दो और फिल्में बनाने का विचार कर रही है। डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री, अभिषेक अग्रवाल और पल्लवी जोशी मिलकर इतिहास में दबी ऐसी ही ऐतिहासिक घटनाओं पर फिल्मे बनाने वाले हैं। इस बात का ऐलान ट्रेड एनालिस्ट तरन आदर्श ने किया है।
तरन आदर्श ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा,”द कश्मीर फाइल्स की टीम दो और फिल्में बनाने वाले हैं। #TheKashmirFiles की अभूतपूर्व सफलता के बाद, निर्माता अभिषेक अग्रवाल, विवेक रंजन अग्निहोत्री और पल्लवीजोशी भारतीय इतिहास से अप्रतिबंधित कहानियों पर आधारित दो और फिल्मों का निर्माण करने के लिए फिर से एक साथ आए।”
ट्वीट के साथ तरन ने एक ऑफिशियल वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें लिखा है, ‘ग्लोबल ब्लॉकबस्टर कश्मीर फाइल्स से इतिहास रचने और बड़े पर्दे पर महान कहानी बताने के पैशन के साथ तेज नारायण अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, विवेक रंजन अग्निहोत्री, पल्लवी जोशी एक बार फिर एक साथ आए हैं, मानवता की दो ईमानदार कहानी बताने के लिए। ज्यादा जानकारी जल्द ही दी जाएगी। भारतीय इतिहास के रोंगटे खड़े करने वाले अनकहे सच को देखने के लिए तैयार रहें।”
आपको बता दें कि विवेक रंजन अग्निहोत्री की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर चुकी है। फिल्म ने अब 250 करोड़ से अधिक की कमाई की है। कम बजट में बनी ये फिल्म एसएस राजमौली की फिल्म आरआरआर के आगे टिकी हुई है। जो अपने आप में ही काफी बड़ी बात है।
महामारी के बीच किसी गंभीर मुद्दे पर बनने वाली ये पहली हिंदी फिल्म बन गई। ये फिल्म साल 1990 में कश्मीर की घाटी से कश्मीरी पंडितों के पलायन पर आधारित है। फिल्म में अनुपम खेर, दर्शन कुमार, मिथुन चक्रवर्ती और पल्लवी जोशी हैं मुख्य किरदार में हैं।
फिल्म रिलीज के पहले से ही विवादों में बनी हुई है। कई लोग फिल्म को गलत बता रहे हैं। लेकिन विरोध करने से अधिक लोग फिल्म के समर्थन में उतरे हैं। फिल्म की कहानी के चलते इसे कई राज्यों में टैक्स फ्री कर दिया गया। जिसमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरयाणा, गोवा, त्रिपुरा और उत्तराखंड शामिल है।
कई बॉलीवुड सितारों ने फिल्म की तारीफ की है। फिल्म डायरेक्टर करण जौहर ने फिल्म को एक आंदोलन बताया है। उन्हें ये फिल्म बेहद पसंद आई है। उनकी मानें तो नए डायरेक्टर्स को इस फिल्म से काफी कुछ सीखना चाहिए।