मशहूर ‘द कपिल शर्मा शो’ के 2 अक्टूबर का रविवारीय एपिसोड गांधी जयंती को समर्पित रहा। शो में गेस्ट के तौर पर अन्ना हजारे उपस्थित हुए। शो में कपिल शर्मा भारतीय परिधान में जहां नजर आए वहीं सारे दर्शक भी क्लीन इंडिया को प्रमोट करते नजर आए। सारे लोग शो में स्वच्छ भारत लिखा सफेद कैप पहन कर आए थे। कपिल ने यहां दर्शकों से टेक्नॉलोजी के फायदे और नुक्सान के बारे में बात की। सभी ने इस पर अपनी अपनी राय दी। यहां अन्ना हजारे ने अपनी जीवन के अनुभव सभी के साथ शेयर किये। उन्होंने अपनी जिंदगी के उसूल को देश सेवा में लगाने को बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने देशसेवा में अब तक सोलह अनशन किये हैं। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ गिरने से डरती है अनशन और मोर्चे से नहीं डरती। वे आगे बोले कि देश को ही मैंने अपना पूरा परिवार बना लिया है इसलिए अब तक मैंने शादी नहीं की। उन्होंने बचपन की शरारतों के बारे में भी बताया। अन्ना ने दर्शकों से कहा कि देश सेवा को ध्यान में रखो तो  कोई भूख मायने नहीं रखती। उन्होंने कहा कि करेंगे या मरेंगे सोच कर ही अनशन का निर्णय ले लेते हैं। अन्ना ने आगे कहा कि हार्ट अटैक से मरने से अच्छा देश की सेवा करते करते मर जाना है।  परिवार के बारे में बात करने पर उन्होंने बताया कि 45 साल से वे घर नहीं गए। उन्हें अपने घर के सारे सदस्यों का नाम अभी तक नहीं पता है।

कपिल के द्वारा शादी के सवाल पूछे जाने पर उन्होंने मजाक में बोला कि इसी डर से उन्होंने शादी नहीं की क्योंकि फिर मैं अनशन नहीं कर पाता। उन्होंने शो में कहा कि बचपन में उन्हें फिल्में देखने का बड़ा शौक था, वे फर्स्ट शो में ही फिल्में देखना पसंद करते थे। शो में ये देखना ज्यादा रोचक रहा कि उन्होंने शाहरुख खान की फोटो दिखाने पर भी उन्हें पहचान नहीं पाये क्योंकि वे अब फिल्में बिल्कुल नहीं देखते। उन्होंने कहा कि फौज के वक्त फ्री में रम मिलने पर भी उन्होंने कभी इसे हाथ तक नहीं लगाया। उन्होंने आगे कहा कि आज भी अगर सीमा पर जाने की जरुरत पड़ी तो वे 79 की उम्र में भी वहां जा सकते हैं। शिक्षा पर उन्होंने कहा कि आज स्कुलों में बच्चों को पनिश करने का परमीशन नहीं है इसलिए शिक्षा का स्तर गिर गया है।

शो में शशांक उदयपुरकर भी आए जिन्होंने आने वाली फिल्म अन्ना में उनका किरदार निभाया है। उन्होंने बताया कि किस तरह वो उनकी देशसेवा से प्रभावित होकर फिल्म करने का मन बनाया। फिल्म में अन्ना हजारे के 9 साल के सफर से लेकर 79 साल तक के सफर को दिखाया गया है। शो के अंत में अन्ना हजारे ने दर्शकों को भारत माता के नारे भी लगवाये और लोगों में देशभक्ति का भाव भरा।

Read Also:

द कपिल शर्मा शो के एपिसोड में आए सोनाक्षी और जॉन