बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) को आखिरी बार फिल्म ‘एनिमल’ (Animal) में देखा गया था। इसमें उनके खतरनाक कैरेक्टर को काफी पसंद किया गया था। इसमें उन्हें फैमिली के लिए काफी प्रोटेक्टिव और गुस्सैल दिखा गया। इसमें एक सीन था, जो काफी चर्चा में रहा है। वो ये कि रणविजय (फिल्म का लीड कैरेक्टर) की बहन को कॉलेज में कुछ लोग छेड़ देते हैं। इसे देखकर वो भड़क जाते हैं और कॉलेज में गन लेकर पहुंच जाते हैं और सभी की छुट्टी कर देते हैं। ऐसे में अब कपिल शर्मा के शो में रणबीर कपूर ने बताया कि वो ‘एनिमल’ वाले रणविजय से रियल लाइफ में कितना अलग हैं। चलिए बताते हैं…

दरअसल, कपिल शर्मा का शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को शनिवार को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से स्ट्रीम किया गया। इसमें कपूर फैमिली से नीतू कपूर, रणबीर कपूर और रिद्धिमा कपूर बतौर गेस्ट पहुंचे थे। इस दौरान सभी ने काफी मजेदार बातें की और खुलासे किए। इसी बीच कपिल शर्मा ने शो में रणबीर कपूर से पूछा गया कि उन्होंने ‘एनिमल’ वाले रणविजय के जैसे रियल लाइफ में बहन रिद्धिमा कपूर के लिए कभी लड़ाई की है? इसका जवाब एक्टर ने नहीं में दिया।

इस पर रिद्धिमा कपूर बताने लगती हैं कि रियल लाइफ में फिल्म का उल्टा रहा है। रणबीर कपूर उनके लिए लड़ाई नहीं करते थे बल्कि बहन रिद्धिमा उनके दोस्तों को पकड़कर धोती थीं। वो बताती हैं कि रणबीर बचपन में काफी दुबले-पतले थे। इस पर एक्टर बताते हैं कि वो बचपन में काफी शर्मीले और कमजोर थे लेकिन, जब वो थोड़े बड़े हो गए तो उन्होंने बहन रिद्धिमा की पिटाई खूब की है। रिद्धिमा ये भी बताती हैं कि वो उस समय हैवी वेट लिफ्टिंग की चैंपियन थीं।

रणबीर को इस बात का होता है अफसोस

कपिल शर्मा के शो में रणबीर कपूर बताते हैं कि उन्होंने बचपन में बहन रिद्धिमा कपूर की बहुत पिटाई की है, जिसका उन्हें काफी अफसोस होता है। इसके लिए वो आज भी पछताते हैं। नीतू कपूर दोनों भाई-बहन की लड़ाई को लेकर बताती हैं कि वो जब भी कभी बाहर दोनों को घर में अकेले छोड़कर जाती थीं तो उनको हिदायत देकर जाती थीं कि वो उनके साथ मारपीट नहीं करेंगे। वहीं, रिद्धिमा को लेकर रणबीर बताते हैं कि वो उन्हें छू भी देते थे तो वो मम्मी को फोन पर ही शिकायत करती थीं।