कपिल शर्मा (Kapil Sharma) का कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से स्ट्रीम कर दिया गया है। ऐसे में शो के पहले एपिसोड में बतौर गेस्ट नीतू कपूर, रिद्धिमा कपूर साहनी और रणबीर कपूर पहुंचे थे। इस दौरान तीनों ने मिलकर काफी तहलका मचा दिया। इस शो के जरिए कपिल और सुनील ग्रोवर की जोड़ी एक बार फिर से लंबे समय के बाद पर्दे पर वापसी की है। इस दौरान रणबीर ने अपनी शादी को लेकर खुलासा किया और बताया कि शादी में साली को उन्होंने जूते चुराई की रस्म में कितने पैसे दिए थे। चलिए बताते हैं इसके बारे में…
शो में कपूर फैमिली ने कई खुलासे किए। रणबीर कपूर ने किस्सा बताया था कि उनके पिता ऋषि कपूर ने उनकी पिटाई की थी। साथ ही वो बताते हैं नीतू कपूर ने भी उनकी पिटाई की थी। इसे सुनने के बाद एक्ट्रेस हैरान हो जाती हैं और उनसे पूछती हैं कि उन्होंने बेटे की पिटाई कब की। इस पर रणबीर ने बताया कि मां नीतू कपूर उन्हें डराने के लिए कमरे में बंद कर देती थीं लेकिन, जब वो रोने लगते थे तो वो उन्हें छोड़ देती थीं।
बेहद सख्त पिता थे ऋषि कपूर
शो में नीतू कपूर ने बताया कि ऋषि कपूर बच्चों के लिए बेहद ही सख्त पिता थे। वो उनको उतने ही पैसे देते थे, जितनी जरूरत थी। वो बताती हैं कि रिद्धिमा और रणबीर कपूर अलग जगह पढ़ते थे। दोनों को लंच में 10 डॉलर चाहिए तो वो उतने ही देते थे। ऐसे में अगर उन्हें रूमाल खरीदना हो तो भूखा रहना पड़ेगा। नीतू बताती हैं कि उन्होंने बच्चों को हर चीज की वैल्यू करना सिखाया है। वो बेस्ट पिता थे पर थोड़े सख्त।
‘जूता चुराई’ की रस्म में दिए थे इतने पैसे
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के दौरान कपिल शर्मा ने रणबीर कपूर से पूछा था कि उनकी शादी में जूता चुराई की रस्म में आलिया की बहन को लाखों रुपए देने की अफवाहें हैं? इस पर एक्टर ने बताया कि ऐसा नहीं है। फिर नीतू कपूर ने बताया कि उन्होंने आलिया की बहन को कुछ नकद राशि दी थी। वहीं, रणबीर आगे बताते हैं कि आलिया की बहन ने उनसे जूता चुराई की रस्म में लाख की डिमांड की थी हालांकि, एक्टर ने बाद में कुछ हजार में ही मामला समेट दिया था।
बहरहाल, अगर रणबीर कपूर के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो इन दिनों नितेश तिवारी की ‘रामायण’ (Ramayana) को लेकर चर्चा में हैं। इसमें मल्टी स्टार नजर आने वाले हैं। इसकी स्टारकास्ट पर फिल्ममेकर काम कर रहे हैं और एक्टर्स को अप्रोच किया जा रहा है। जहां रणबीर राम तो ‘केजीएफ’ स्टार यश कुमार को लेकर खबर है कि वो रावण के रोल में नजर आने वाले हैं।