कॉमेडियन कपिल शर्मा का शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ की सीजन 2 काफी चर्चा में है। इसमें पिछले एपिसोड में सिन्हा परिवार ने शिरकत की थी, जिसमें सोनाक्षी, शत्रुघन और पूनम सिन्हा नजर आई थीं। उनके साथ दामाद जहीर इकबाल भी उनके साथ शो में पहुंचे थे और काफी कुछ मजेदार बातें हुई थीं। ऐसे में अब शो का अपकमिंग एपिसोड काफी चर्चा में है, क्योंकि शो में गोविंदा, शक्ति कपूर और चंकी पांडे जैसे स्टार्स साथ में दिखाई देने वाले हैं। इसके कुछ प्रोमो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें कई सालों के बाद गोविंदा के साथ कृष्णा अभिषेक स्टेज शेयर करते हुए नजर आ रहे हैं। इसे देखने के बाद माना जा रहा है कि मामा-भांजे के बीच का मनमुटाव खत्म हो गया है और गोविंदा ने कॉमेडियन भांजे को गले से लगा लिया है।

नेटफ्लिक्स के शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के प्रोमो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। इस दौरान गोविंदा, शक्ति कपूर को उनके अफेयर्स के बारे में चिढ़ाते हैं और चंकी पांडे भी उनका साथ देते हैं। 90 के दशक की बेहतरीन जोड़ी खूब हंसी-ठिठोली करती है और कई खुलासे भी करती है। ये एपिसोड काफी दिलचस्प होने वाला है और 90s की यादें ताजा हो गई हैं। इसी बीच कृष्णा अभिषेक की एंट्री होती है। वो अली बाबा और 40 चोर के किरदार में तैयार हुए दिखाई देते हैं और किकु शारदा जिन बने हैं।

गोविंदा बोले- ‘गधा’

प्रोमो में देखने के लिए मिलता है कि मामा-भांजे एक-दूसरे को गले लगाते हैं और कृष्णा की बहन आरती इस पल को देखकर भावुक हो जाती हैं। कृष्णा मामा गोविंदा से कहते हैं, ‘हम काफी समय के बाद मिले हैं। अब मैं आपको जाने नहीं दूंगा।’ फिर कॉमेडियन किकु शारदा का मजाक उड़ाते हुए आगे कहते हैं, ‘जैसे आंखे फिल्म में आप लोगों ने एक बंदर रखा हुआ था ना मैंने भी वैसे ही एक गधा रखा हुआ है।’ इस पर गोविंदा कहते हैं, ‘नहीं काला कुर्ता पहना हुआ है वो भी गधा ही है।’ उनकी बात सुनकर सभी हंसने लगते हैं और कृष्णा अभिषेक की भी हंसी निकल जाती है।

8 साल पुराना था विवाद

अब अगर गोविंदा और कृष्णा अभिषेक के विवाद की बात की जाए तो ये विवाद 8 साल पुराना है। इसकी शुरुआत साल 2016 में हुई थी। ये विवाद तब शुरू हुआ था, जब कृष्णा ने अपने शो में एक मजाक किया था, जो गोविंदा को अपमानजनक लगा था। इस पर कॉमेडियन की पत्नी कश्मीरा शाह ने एक ट्वीट भी कर दिया था, जिसके बाद तनाव काफी बढ़ गया था। इसे गोविंदा पर निशाना साधने वाला माना गया था। फिर दिन प्रतिदिन विवाद गहराता चला गया था। दोनों ने मीडिया के जरिए शिकायतें की। लेकिन, अब ये विवाद और मनमुटाव खत्म होता नजर आ रहा है। इससे फैंस काफी खुश हैं।