कॉमेडियन कपिल शर्मा (Kapil Sharma) पिछले काफी समय से स्क्रीन पर वापसी को लेकर चर्चा में थे। खबरें थीं कि वो नेटफ्लिक्स पर वापसी करने वाले हैं। ऐसे में अब कॉमेडियन अपने शो को लेकर वापसी करने वाले हैं और ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स से ही वापसी कर रहे हैं। शो का फर्स्ट प्रोमो भी सामने आ चुका है। 30 मार्च से ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ शुरू होने जा रहा है। शो में बतौर गेस्ट रणबीर कपूर, नीतू कपर और रिद्धिमा कपूर साहनी बतौर गेस्ट पहुंचने वाले हैं। इस दौरान कपूर फैमिली मजेदार बातें करते हुए नजर आने वाली है और रणबीर गर्लफ्रेंड्स से जुड़े खुलासे करने वाले हैं। चलिए बताते हैं उन्होंने क्या कुछ कहा है।
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ के पहले एपिसोड के सामने आए प्रोमो में देखा जा सकता है कि रणबीर कपूर कई खुलासे करते हैं। एक्टर ने इस शो में रिवील किया कि वो अपनी मां की जूलरी अपनी गर्लफ्रेंड्स को दे दिया करते थे। अब ये बात उन्होंने बताई कैसे चलिए वो भी बताते हैं। दरअसल, कपिल शर्मा पूछते हैं कि रणबीर ने रिद्धिमा के कपड़े अपनी गर्लफ्रेंड्स को गिफ्ट किए हैं? इस पर एक्टर ने झटपट जवाब दिया, ‘मैंने तो गर्लफ्रेंड्स को मम्मी के गहने भी दे डाले हैं।’ इसे सुनते ही पास बैठीं नीतू कपूर शॉक रह जाती हैं और जोर-जोर से हंसने लगती हैं।
वहीं, रणबीर कपूर के बाद इस पर उनकी बहन रिद्धिमा ने रिएक्ट करते हुए कहा, ‘हमारी पीढ़ी ने सबसे ज्यादा मजा किया है।’ इसके अलावा रणबीर कपूर ने अपनी बेटी राहा कपूर को लेकर भी बात की है। उन्होंने बताया कि वो अपनी बेटी राहा को ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में लाने के लिए बेकरार हैं। साथ ही एक्टर ने बताया कि वो राहा को बर्प (डकार) कराने में एक्सपर्ट हैं। वहीं, नीतू कपूर ने बताया कि राहा बड़ी क्यूट हैं और बड़े प्यार से सभी की ओर देखती हैं।
सुनील ग्रोवर कर रहे वापसी
बता दें, ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शर्मा शो’ में एक बार फिर से कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर की जोड़ी साथ में दिखाई देने वाली है। दोनों साथ में धमाका करने वाले हैं और सभी को गुदगुदाने वाले हैं। लंबे वक्त के बाद ये जोड़ी साथ में आई है। इनके बीच विवाद खत्म हो गया है। वहीं, शो में कीकू शारदा और कृष्णा अभिषेक भी दिखाई देंगे।