‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ पिछले 13 सालों से भी ज्यादा समय से लोगों को गुदगुदा रहा है। शो टीआरपी में तो टॉप पर रहता है साथ ही, खबरों में भी छाया रहता है। यह शो कई सालों से प्रसारित हो रहा है लेकिन अब भी यह लोगों में खूब लोकप्रिय है। इस शो में हर किरदार की अपनी एक अलग पहचान है। तारक मेहता का किरदार निभाने वाले एक्टर शैलेश लोढ़ा ने हाल ही में शो को अलविदा कह दिया है। इस बात से फैंस काफी परेशान हो गए हैं और सोशल मीडिया पर सवाल कर रहे हैं। इसी बीच लोग शैलेश लोढ़ा के बारे में काफी कुछ सर्च कर रहे हैं। तो चलिए आज हम आपको तारक मेहता यानी शैलेश लोढ़ा के बारे में कुछ खास बातें बताते हैं।
तारक मेहता के एक एपिसोड की फीस: ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ में तारक यानि शैलेश लोढ़ा अहम किरदार निभाते थे। वो ना सिर्फ शो में टाइटल रोल प्ले कर रहे थे बल्कि एक प्रसिद्ध कवि भी हैं। यही वजह थी कि उन्हें शो में काफी अच्छा पैकेज दिया जा रहा था। अगर उनकी एक एपिसोड की फीस की बात करें तो शैलेश लोढ़ा एक लाख रुपये चार्ज कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो वो शो में जेठालाल का किरदार निभा रहे दिलीप जोशी और दयाबेन बनीं दिशा वकानी के बाद तीसरे हाईएस्ट पेड एक्टर थे।
क्यों कहा शो को अलविदा: शैलेश लोढ़ा ने शो को अलविदा क्यों कहा इस पर अभी तक एक्टर की ओर से कोई स्टेटमेंट नहीं आया है। लेकिन माना जा रहा है कि शैलेश अपने नए कॉन्ट्रैक्ट से ज्यादा खुश नहीं थे। लिहाजा उन्होंने शूटिंग पर आना बंद कर दिया था और शो से विदाई लेने का ही मन बना लिया। रिपोर्टस के मुताबिक शैलेश जल्द ही किसी नए शो से जुड़ने वाले हैं।
एक्टर की कुल संपत्ति: बता दें शैलेश लोढ़ा एक्टर होने के साथ-साथ एक राइटर भी हैं। शैलेश महीने भर में और अन्य कार्यक्रमों के जरिए लाखों कमाते हैं। वो कई कवि सम्मेलनों में भी नजर आ जाते हैं। उनकी नेट वर्थ करोड़ों में हैं और उनके पास महंगी गाड़ियों के कलेक्शन्स भी मौजूद हैं। शैलेश लोढ़ा के पास Audi, मर्सिडीज Benz E350D जैसी लग्जरी गाड़ियों का कलेक्शन है। खबरें हैं कि एक्टर की कुल संपत्ति 3 करोड़ रुपए की है
ऐसे मिला था शो: शैलेश लोढ़ा एक्टर और राइटर होने के साथ-साथ कवि भी हैं। एक दौर में शैलेश लोढ़ा कवि सम्मेलन ‘वाह क्या बात है’ होस्ट किया करते थे। इसी इवेंट में उनकी मुलाकात शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी से हुई थी। यहीं पर असित ने उन्हें शो का ऑफर दे डाला था और शैलेश ने भी फौरन हां कर दी थी।