The Kapil Sharma Show पर इस हफ्ते रणधीर कपूर और करिश्मा कपूर बतौर मेहमान आ रहे हैं। अपकमिंग एपिसोड का एक प्रोमो सामने आया है जिसमें रणधीर कपूर अपनी बेटी करिश्मा के साथ शो में एंट्री करते दिख रहे हैं। रणधीर कपूर प्रोमो में अपने फ़िल्मी करियर से जुड़ी बातें करते हैं तो वहीं करिश्मा कपूर भी अपने परिवार से जुड़ी कई मज़ेदार बातें बतातीं हैं।
कपिल शर्मा रणधीर कपूर से सवाल पूछते हैं, ‘रणधीर सर, ‘कल आज और कल’ में एक गाना है जिसमें बबीता जी आपसे पूछतीं हैं कि ‘आप यहां आए किस लिए’ और उसके बाद गाने के लास्ट लाइन में आप कहते हैं कि शादी का इरादा है। तो ये लाइन स्टोरी की डिमांड थी कि आपके अंदर से निकली थी ये डिमांड?’
उनका ये सवाल सुन करिश्मा कपूर हंसने लगीं। रणधीर कपूर ने भी हंसते हुए कहा, ‘मेरी ये डिमांड पहले से ही बनी हुई थी इसलिए मैंने निर्माता से पहले ही लाइन के लिए कह दिया था।’
कपिल शर्मा उनसे फिर सवाल पूछते हैं, ‘रणधीर सर, जब कभी राज (राज कपूर) साहब शूट कर रहे होते थे और उनका कोई रोमांटिक सीन चल रहा होता था तो आपके सामने कर लेते थे या आपको पांच रुपए देकर कहते थे- बेटा चॉकलेट खाकर आओ?’ रणधीर कपूर जवाब देते हैं, ‘ये तो एक्टिंग है। ऐसे मैंने डेढ़ हज़ार रोमांटिक सीन किए। कईयों के साथ मैं सचमुच वो करना चाहता था और कईयों के साथ कभी नहीं करना चाहता था।’
कपिल जब करिश्मा और रणधीर कपूर से ये पूछते हैं कि सबसे ज्यादा फूडी कपूर कौन है तो करिश्मा नीतू कपूर और उनकी बेटी रिद्धिमा का नाम लेतीं हैं वहीं रणधीर कपूर कहते हैं, ‘हमारी साइज़ से नहीं देख सकते हैं आप। जितने कपूर हैं सब हरे भरे हैं।‘ कपिल इसी दौरान दोनों से पूछते हैं कि कपूर फैमिली में शाम की महफ़िल का सबसे ज्यादा इंतजार किसे होता है जिसके जवाब में करिश्मा कहतीं हैं कि कपूर खानदान में सभी को शाम की महफ़िल का इंतजार होता है।
कपिल शर्मा शो के पिछले एपिसोड में कपूर परिवार से नीतू कपूर और रिद्धिमा कपूर आए थे जहां उन्होंने खूब मस्ती की। शो पर रिद्धिमा ने बताया कि जब वो पढ़ाई के सिलसिले में लंदन में थीं तब रणबीर कपूर उनके कई कपड़े अपनी गर्लफ्रेंड को दे आते थे।
एक बार ऐसा ही हुआ जब वो भारत अपने घर आईं थीं। उनका एक टॉप गायब था जिसे उन्होंने काफी ढूंढा, पर नहीं मिला। जब एक दिन रणबीर की दोस्त घर पर आईं तब रिद्धिमा को पता चला कि उनके कपड़े रणबीर अपनी गर्लफ्रेंड को देते हैं। दरअसल उस लड़की ने रिद्धिमा का वही टॉप पहन रखा था जो घर से गायब था।