रामानंद सागर के धारावाहिक रामायण (Ramayan), उत्तर रामायण (Uttar Ramayan) और महाभारत (Mahabharat) की दूरदर्शन (DD National) की वापसी ने एक नया ही मुकाम हासिल कर लिया है। लॉकडाउन (Lovkdown) के बीच जहां लोग घरों में कैद हैं, ऐसे में इस पौराणिक आख्यानों पर बने शो को दिलचस्पी के साथ देख रहे हैं। यही कारण है कि रामायण ने विश्व कीर्तिमान स्थापित किया है।

प्रसार भारती की मानें को रामायण विश्व का इकलौता ऐसा शो बना है जिसे एक दिन में 77 मिलिनय यानी 7.7 करोड़ लोगों ने देखा है। बता दें रामायण के 16 अप्रैल के एपिसोड को दुनियाभर में 7.7 करोड़ लोगों ने देखा। इस नंबर के साथ यह शो एक दिन में दुनियाभर में सबसे ज्यादा देखा जाने वाला शो बन गया है। प्रसार भारती ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी है।  प्रसार भारती के ट्विटर हैंडल से लिखा गया, रामायण वर्ल्ड रिकॉर्ड- दुनियाभर में सबसे ज्यादा एंटरटेनमेंट प्रोग्राम देखा जाना वाला शो बना है।

गौरतलब है कि रामायण री-टेलीकास्ट होने के बाद से ही टीआरपी की लिस्ट में शीर्ष पर बना हुआ है। प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने भी अपने एक ट्वीट के जरिए इसकी सूचना देते हुए लिखा था कि साल 2015 से लेकर अब तक जनरल एंटरटेनमेंट कैटगरी (सीरियल्स) के मामले में यह शो टॉप पर है। साल 2015 से अब तक का सबसे अधिक टीआरपी जनरेट करने वाला हिंदी जनरल एंटरटेनमेंट शो रामायण है।

इसके अलावा हाल ही में वेब सर्विस प्रोवाइडर याहू ने भी एक सर्वे जारी किया था जिसके मुताबिक पिछले एक महीने में कनिका कपूर और रामायण को सबसे ज्यादा सर्च किया गया है। यह सर्वे पिछले एक महीने में यूजर्स के डेली सर्च के आधार पर किया गया था। भारत में सबसे ज्यादा क्या सर्च किया गया उसमें ये दो नाम टॉप पर थे। वहीं बिग बॉस, ड्राइव, तानाजी, हाउसफुल 4 और गुड न्यूज फिल्मों और शोज भी काफी बार सर्च किए गए हैं।