मृणाल झा एक जानी-मानी लेखिका हैं। मृणाल अब तक कई टीवी शोज की स्क्रिप्ट लिख चुकी हैं। उनके द्वारा लिखे गए अधिकतर टीवी शोज का काफी लोकप्रिय हुए हैं। मृणाल ने अपना पहला नॉवेल ‘नवंबर रैन’ साल 1994 में लिखा था। यह नॉवेल पाठकों के द्वारा बहुत पसंद किया गया था। सबसे दिलचस्प बात यह है कि आगे चलकर इस नॉवेल पर एक टीवी शो भी बना । इसने दर्शकों की अच्छी-खासी भीड़ भी इकठ्ठा की। इस शो का नाम ‘तुम बिन जांए कहां’ था और यह जी टीवी से प्रसारित किया गया था। इस शो को एक्ट्रेस और प्रोड्यूसर अरुणा इरानी ने बनाया था। शो की सबसे खास बात यह है कि इसके 300 से अधिक एपिसोड प्रसारित किए गए थे।
मृणाल की व्यापकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने जी टीवी के साथ-साथ स्टार प्लस, यूटीवी, बालाजी टेलीफिल्म्स, और दूरदर्शन के लिए भी कुछ शोज लिखे हैं। मृणाल अब तक कहीं किसी रोज, क्या हादसा क्या हकीकत, बन्नो मैं तेरी दुल्हन, अंबर धरा, छूना है आसमान, क्योंकि सास भी कभी बहू थी, संतान, कस्तूरी, मायका, प्यार का बंधन और संयोग से बनी संगिनी जैसे कई टीवी शोज की स्क्रिप्ट लिख चुकी हैं। मृणाल ने मायका के लिए साल 2008 में दुबई आयोजित गोल्ड अवॉर्ड में बेस्ट स्टोरी राइटर का अवॉर्ड जीता था।
मृणाल झा के बारे में सबसे दिलचस्प बात यह है कि इन्होंने ही टीवी के लोकप्रिय शो ‘नागिन’ के शुरुआती एपिसोड लिखे थे। बाद में कुछ वजहों के चलते वह नागिन से अलग हो गईं। फिलहाल राजेश जोशी इसका लेखन कर रहे हैं। यह शो इस समय टीवी दर्शकों की जबरदस्त लोकप्रियता बटोर रहा है। इसके अलावा मृणाल के पब्लिसिंग हॉउस ‘अंडरकवर यूटोपिया’ से पब्लिश दो किताबों ‘डियर पीपल्स’ और ‘फॉर द क्लास ऑफ 2010’ को भी कई बार अवॉर्ड के लिए नॉमिनेशन मिल चुका है। मृणाल एक कामयाब लेखिका होने के साथ-साथ प्रोड्यूसर भी हैं। उन्होंने ऑनलाइन कॉमेडी शो ‘जयहिंद’ को प्रोड्यूस किया है। बता दें कि यह शो भारत का पहला इंटरनेट आधारित शो है। मृणाल के पति का नाम अभिज्ञान झा है। वह भी एक राइटर और प्रोड्यूसर हैं।