टेलीविजन के लोकप्रिय अभिनेता पंकज धीर का बुधवार, 15 अक्तूबर 2025 को निधन हो गया। उन्होंने बी.आर. चोपड़ा के ऐतिहासिक धारावाहिक महाभारत में “कर्ण” का अमर किरदार निभाया था। 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने मुंबई में अंतिम सांस ली। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। कुछ समय पहले उनकी तबीयत में सुधार आया था, लेकिन पिछले वर्ष बीमारी दोबारा लौट आई थी।
उनके निधन से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। महाभारत में “दुर्योधन” की भूमिका निभाने वाले अभिनेता पुनीत इस्सर ने अपने करीबी मित्र को खोने के दुख में कहा, “पंकज सिर्फ स्क्रीन पर मेरे भाई नहीं थे, असल ज़िंदगी में भी मेरे जैसे ही थे। आज मैंने अपना भाई खो दिया।”
‘पुनीटोस’ और ‘पिंक्स’
पुनीत इस्सर और पंकज धीर की दोस्ती महाभारत की शूटिंग के दौरान और गहरी हो गई थी। दोनों परिवारों का रिश्ता भी पुराना था, क्योंकि उनके पिता एक-दूसरे के अच्छे दोस्त रहे थे। पुनीत ने बताया कि वे एक-दूसरे को प्यार से अलग-अलग नामों से बुलाते थे- पंकज उन्हें “पुनीटोस” कहते थे और पुनीत उन्हें “पिंक्स”।
भावुक होते हुए उन्होंने बताया, “मैं उनसे सिर्फ 20 दिन पहले ही उनके घर पर मिला था। यकीन नहीं होता कि अब वो नहीं हैं। हमने साथ में बहुत वक्त बिताया है, और अब शब्द भी कम पड़ रहे हैं। निकितिन मेरे सामने बड़ा हुआ है।”
पंकज धीर ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत 1980 के दशक में की थी। महाभारत के अलावा उन्होंने कई लोकप्रिय फिल्मों में काम किया, जिनमें बादशाह, तुमको ना भूल पाएंगे और ज़मीन शामिल हैं। टीवी जगत में उन्होंने ससुराल सिमर का, राजा की आएगी बारात और अन्य धारावाहिकों में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाईं।
परिवार और विरासत
पंकज धीर अपने पीछे पत्नी, बेटे निकितन धीर और बहू कृतिका सेंगर को छोड़ गए हैं। उनका जाना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ी क्षति है।