Dance Deewane 3: डांस क्वीन माधुरी दीक्षित द्वारा होस्ट किया जाने वाला कलर्स टीवी का शो, ‘डांस दीवाने 3′ का ग्रैंड फिनाले 20 मार्च को होने जा रहा है। इस फिनाले में मशहूर कोरियोग्राफर फिल्ममेकर रेमो डिसूजा भी आने वाले हैं। हाल ही में हुए हार्ट अटैक के बाद रेमो डिसूजा का यह पहला टीवी शो है। इस ग्रैंड फिनाले के एक डांस परफॉर्मेंस पर रेमो डिसूजा बहुत भावुक हो गए। दरअसल कंटेस्टेंट्स ने अपने डांस के जरिए स्टेज पर उनके हार्ट अटैक और किस तरह उन्होंने इसका सामना किया, उनकी जर्नी को दिखाया।

कलर्स टीवी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से एक प्रोमो वीडियो शेयर किया है जिसमें यह देखा जा सकता है कि कंटेस्टेंट्स रेमो डिसूजा के सम्मान में डांस प्ले कर रहे हैं। डांस प्ले की शुरुआत, स्ट्रीट डांसर 3D के गाने ‘मुकाबला’ से होता है। उसके बाद एक कंटेस्टेंट हॉस्पिटल बेड पर दिखता है और बाकी कंटेस्टेंट्स उसके लिए चिंतित दिखते हैं। इस बीच बैकग्राउंड में  वॉइसओवर होता है, ‘रेमो सर, जो करोड़ों दिलों की हैं धड़कन, उनके दिल में भी आई अड़चन।’

इस परफॉर्मेंस को देख रेमो डिसूजा भावुक हो जाते हैं और कहते हैं, ‘मैं समझता हूं कि मेरी जिंदगी में यह पहली बार हो रहा है जब मैं इमोशनल हो रहा हूं।’ उनकी भावुक बात सुन शो के जज धर्मेश येलांडे की आंखों में आंसू आ जाते हैं। वो कहते हैं, ‘भगवान से यही प्रार्थना करूंगा कि आगे कुछ हो तो पहले मुझे हो फिर उनको हो। वहां तक पहुंचे ही नहीं।’ धर्मेश की यह बात सुन रेमो डिसूजा उन्हें गले लगा लेते हैं।

 

धर्मेश येलांडे रेमो डिसूजा को अपना मेंटोर मानते हैं और इसी वजह से उनके बेहद करीब हैं। जब रेमो डिसूजा हॉस्पिटल में भर्ती थे तब धर्मेश उनसे मिलने हॉस्पिटल भी गए थे।

 

रेमो डिसूजा को 11 दिसंबर 2020 को हार्ट अटैक आया था जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में एडमिट करवाया गया। उनकी एंजियोप्लास्टी की गई। एक इंटरव्यू में रेमो डिसूजा ने बताया कि जब डॉक्टर्स ने उन्हें कहा कि उन्हें मेजर हार्ट अटैक हुआ है तो वो स्तब्ध रह गए थे। कोरियोग्राफर रेमो काफी फिट हैं और अपने स्वास्थ्य का बेहद ख्याल रखते हैं बावजूद इसके उन्हें हार्ट अटैक हुआ जो उनके लिए शॉकिंग था।

 

बहरहाल, डांस दीवाने का सीजन 3 अपने ग्रैंड फिनाले पर पहुंच चुका है। पिछले महीने शुरू हुए इस शो को माधुरी दीक्षित के अलावा धर्मेश येलांडे, तुषार कालिया होस्ट करते हैं। डांसर राघव जुयाल इस शो के होस्ट हैं।