लोकप्रिय रिएलिटी शो बिग-बॉस का 16वां सीजन आने वाला है। शो के प्रीमियर से पहले ही शो के कंटेस्टेंट्स के नाम सामने आने लगते हैं। इस बार शो के होस्ट सलमान खान को लेकर भी खबर सामने आ रही थी कि वो ये सीजन होस्ट नहीं करने वाले हैं। बल्कि उनकी जगह इस बार शो के नए होस्ट रोहित शेट्टी होंगे। हालांकि सूत्रों की मानें तो रोहित शेट्टी को शो की होस्टिंग के लिए अप्रोच नहीं किया गया है।

फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के करीबी ने बताया कि उन्हें बिगबॉस-16 के लिए अप्रोच नहीं किया गया है। रोहित के शो को होस्ट करने की खबर पूरी तरह से गलत है। चैनल ने भी बताया कि ये खबर सही नहीं है, शो को इस बार भी सलमान खान ही होस्ट करने वाले हैं।

बता दें कि सलमान खान ने इस सीजन के लिए अपनी फीस बढ़ा दी है। रिपोर्ट्स की मानें तो सलमान खान ने मेकर्स से फीस में तीन गुना इजाफा करने की मांग की थी। दावा किया जा रहा है कि सलमान ने कहा है कि दो साल पहले बिग बॉस के लिए कोरोना महामारी को मध्यनजर रखते हुए उन्होंने अपनी फीज कम की थी। इसी के साथ सलमान खान को भी शो में कई बार कहते हुए सुना गया है कि वो शो नहीं करना चाहते, लेकिन मेकर्स उन्हें शो छोड़ने नहीं देते।

वहीं बात अगर रोहित शेट्टी की करें तो वो फिलहाल अपना चर्चित रिएलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ का 12वां सीजन होस्ट कर रहे हैं। रोहित शेट्टी द्वारा इस शो को होस्ट करने के बाद शो की लोकप्रियता और बढ़ गई है। ‘ब्लॉकबस्टर’ फिल्म निर्माता ने ‘खतरों के खिलाड़ी’ के पांचवें सीजन में शो को होस्ट करना शुरू किया था। हालांकि बीच में शो के होस्ट बदले भी गए। लेकिन फिलहाल रोहित ही शो को होस्ट कर रहे हैं।

खबर ये भी आई थी कि सलमान खान ने बिग बॉस के 16 सीजन को होस्ट करने के लिए 1000 करोड़ से ऊपर की रकम मांगी हैं। हालांकि ये कितना सच है, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।