कलर्स चैनल पर गुरुवार 20 अक्टूबर को बिग बॉस का महाएपिसोड दिखाया गया। ऐसा पहली बार हुआ जब बिग बॉस का महा एपिसोड दिखाया गया हो।चौथे दिन तक के सफर में सेलिब्रिटी और इंडिया वालों में काफी ड्रामा देखने को मिला। जिनका आधे से ज्यादा क्रेडिट इंडिया वालों को जाता है। बिग बॉस के चौथे दिन के एपिसोड में दो कंटेस्टेंट को जेल की हवा खानी पड़ी। ये दो कंटेस्टेंट हैं स्वामी ओमजी और मोनालीसा। लग्जरी बजट कार्य में खराब परफॉर्मेंस की वजह से इन दोनों को जेल में जाना पड़ा। यहां इंडिया वालों ने अपनी टीम से स्वामी ओमजी को उनके बिहेवियर को लेकर जेल जाने के लिए नॉमिनेट किया। वहीं सेलिब्रिटी टीम ने मोनालीसा को उनकी खराब परफॉर्मेंस की वजह से अपनी टीम से जेल जाने के लिए नॉमिनेट किया। रोचक बात ये है कि इन्हें तब तक जेल के अंदर रहना होगा जब तक शो के होस्ट सलमान खान इन्हें घर से बाहर आने को ना कहें।  प्रियंका जग्गा ने बिग बॉस के घर के अंदर करवाचौथ का व्रत रखा। यहां उन्होंने पूरे रीतिरिवाज के साथ व्रत रखा और पूजा की। स्वामी ओमजी ने प्रियंका को पूजा करवाने में मदद की। प्रियंका ने भी उनके पैर छूकर उनके कहे अनुसार पूरी विधि से पूजा की और कैमरे के सामने अपने पति को संदेश देकर अपना व्रत खोला। यहां लोपा और प्रियंका से स्वामी जी की बहस हो जाती है। दरअसल लोपा यहां स्वामी जी और प्रियंका की पूजा में दखल दे रही थी। जो प्रियंका को पसंद नहीं आ रहा था। प्रियंका ने इस पर लोपा और रोहन को कहा कि वे उन्हें दस मिनट के लिए अकेला छोड़ दें और यहां से चले जायें ताकि वो अपनी पूजा कर सकें। ये सुन कर लोपा को भी गुस्सा आता है और वे भी प्रियंका को जवाब दे देती हैं।

इधर स्वामी जी जब प्रियंका को पूजा करवाते हैं तब मोना उन्हें देख कर उन पर कमेंट करके हंसती है। ये देखकर प्रियंका को गुस्सा आता है और वो अपनी पूजा खत्म करके उनसे कहती हैं कि वो क्या जाने कि शादी के रस्म क्या होती हैं। मोना यहां कहती हैं कि उन्हें परंपरा को अच्छे से निभाना चाहिए। दिखावा नहीं करना चाहिए। वे प्रियंका को यहां एक्टर कहती है। इसे सुन कर प्रियंका उन्हें कहती हैं कि एक्टर वो नहीं बल्कि मोना खुद हैं।

बिग बॉस के घर पर प्रियंका के अलावा करण मेहरा ने भी करवाचौथ का व्रत रखा था। बिग बॉस ने दोनों को कन्फेशन रूम में बुला कर उन्हें कुछ गिफ्ट दिए जो उनके घरवालों ने भिजवाये थे। दोनों अपने घर से आए हुए गिफ्ट देखकर भावुक हो जाते हैं। करण यहां कैमरे की तरफ अपनी पत्नी निशा से बात करते हुए करवा चौथ विश करते हैं और अपना व्रत खोलते हैं। करण यहां बिग बॉस से पूछते हैं कि उन्हें पता नहीं है कि बाहर चांद निकला है भी या नहीं। बिग बॉस उन्हें बताते हैं कि बाहर चांद निकल आया है और वे चाहें तो अपना व्रत तोड़ सकते हैं।

Read Also:

बिग बॉस 10: स्वामी का नया खुलासा, तांत्रिक विद्या की मदद से भारत को मिसाइल अटैक से बचाया