सैफ अली खान और करीना कपूर खान के बेटे तैमूर अली खान की लोकप्रियता किसी सितारे से कम नहीं है। तैमूर बॉलीवुड के अकेले ऐसे शहजादे है जो अपने जन्म से ही खबरों में रहते हैं। उसका चलना, बोलना, स्टाइल सब कुछ खबर है। फोटोग्राफर सैफ और करीना के साथ ही तैमूर को भी कैमरे में कैद कर लेना चाहते हैं। तैमूर पर तो उनकी मम्मी करीना भी फिदा हैं। इसलिए वह अकसर अपने इंस्ट्राग्राम अकाउंट पर अपने लाडले बेटे की फोटो और वीडियो साझा करती रहती हैं। करीना तैमूर को प्यार से टीम-टीम कहती हैं। करीना कपूर के प्रशंसकों को ये वीडियो इतने पसंद आते हैं कि देखते ही देखते वायरल हो जाते हैं।

तैमूर इन दिनों पापा और मम्मी के साथ क्वारंटीन में समय गुजार रहे हैं और पूर्णबंदी में उनकी शैतानियां जारी हैं। हाल ही में तैमूर का एक बहुत ही प्यारा वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में सैफ अली खान लाइव इंटरव्यू दे रहे हैं तभी तैमूर कमरे में आ जाते हैं। तैमूर उस समय सैफ अली खान के सामने एंट्री मारते हैं जब उनका इंटरव्यू लाइव चल रहा होता है। इस वीडियो में फिल्म कम्पेनियन की अनुपम चोपड़ा सैफ अली खान का इंटरव्यू कर रही हैं। इंटरव्यू में सैफ अली खान फिल्मों को लेकर अपनी पसंद के बारे में बात कर रहे हैं और तभी तैमूर फ्रेम में आ जाते हैं। जिसे देखकर सैफ अपना हंसी नहीं रोक पाते हैं और फिर इसके लिए माफी मांगते हैं और तैमूर अली खान के गालों को प्यार से छूते हैं।

तैमूर को देखकर अनुपमा उन्हें गॉर्जियस कहती हैं। गॉर्जियस शब्द सुनते ही तैमूर कहते हैं कि मैं गॉर्जियस नहीं हूं। तैमूर का जवाब सुनकर अनुपमा और सैफ अली खान हंसने लगते हैं। फिर सैफ कहते हैं कि उनका मतलब है कि आप हैंडसम हो, चलो थैंक्यू बोलो। तैमूर फिर थैक्यू कहते हैं। तैमूर अली खान का यह वीडियो खूब पसंद किया जा रहा है।