गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर केंद्र सरकार द्वारा पद्म पुरस्कारों का ऐलान किया गया था। इस साल जहां 4 हस्तियों को पद्म विभूषण, 17 हस्तियों को पद्म भूषण तो 107 हस्तियों को पद्मश्री से नवाजा जाना था। हालांकि पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्ज ने जहां पद्म भूषण लेने से इंकार कर दिया तो वहीं प्रख्यात तबला वादक पंडित अनिंद्य चटर्जी ने भी पद्मश्री लेने से साफ इंकार कर दिया। उनके द्वारा पुरस्कार लेने से इंकार करने पर अब बॉलीवुड के मशहूर फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में तंज कसते हुए लिखा कि कई लोगों को इज्जत रास नहीं आती है।
अशोक पंडित ने प्रख्यात तबला वादक द्वारा पद्मश्री पुरस्कार लेने से इंकार करने पर लिखा, “जब किस्मत ही झंडू हो तो उसका क्या कर सकते हैं। कुछ लोगों को इज्जत रास नहीं आती है और हजम भी नहीं होती है। खुश रहिए अनिंद्य जी।” अनिंद्य चटर्जी को लेकर किये गए फिल्म मेकर के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर ने भी खूब कमेंट किये।
निलय नाम के यूजर ने अशोक पंडित के ट्वीट को लेकर उल्टा उन्हीं पर तंज कसा और लिखा, “आप किसी की व्यक्तिगत च्वॉइस पर इस तरह से कैसे टिप्पणी कर सकते हैं। अगर कोई आपकी व्यक्तिगत च्वॉइस पर भी ऐसे ही सवाल उठाएगा तो क्या आपको बुरा नहीं लगेगा। उनके अपने ही कुछ कारण होंगे।”
संजोस नाम के यूजर ने अशोक पंडित के ट्वीट को लेकर उनपर निशाना साधा और लिखा, “पंडित जी एक ही बार में जिन्हें सरकार ने पद्मश्री के लिए चुना, आपके लिए झंडू हो गया। वाह भाई वाह। मतलब सरकार का निर्णय गलत था या आपकी ये सड़कछाप सोच।” वहीं समीर कुमार मिश्रा नाम के यूजर ने अनिंद्य चटर्जी पर निशाना साधते हुए लिखा, “इन्हें भारत रत्म चाहिए। असल में मोदी विरोध में इतने अंधे हो गए हैं कि पुरस्कार का भी अपमान कर रहे हैं।”
बता दें कि तबला वादक अनंद्य चटर्जी ने पुरस्कार न लेने की वजह भी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था, “मैंने विनम्रता से पद्मश्री स्वीकार करने से इनकार कर दिया। मैं इसके लिए धन्यवाद करता हूं, लेकिन अपने करियर के इस चरण पर पद्मश्री पुरस्कार स्वीकार करने के लिए मैं तैयार नहीं हूं। मैं उस चरण से आगे निकल गया हूं।”