बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। कई बार उन्हें इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ता है। फिर भी एक्ट्रेस हर मुद्दे पर राय रखने से पीछे नहीं रहती हैं। ऐसे में हाल ही में ईद पर शाकाहारी और मांसाहारी पर बहस छिड़ी थी। इस पर स्वरा ने बेबाकी से राय रखी। कइयों उनका विरोध भी किया। इसी बीच एक फूड ब्लॉगर ने एक्ट्रेस का बॉडी शेम किया तो वो गुस्से से लाल हो गईं। स्वरा ने मुंहतोड़ जवाब दिया और दोनों के बीच सोशल वॉर छिड़ गई।
दरअसल, फूड ब्लॉगर ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट शेयर की। इसमें स्वरा भास्कर की पुरानी और नई तस्वीर शेयर करके उनका लुक कंपेरिजन किया। ब्लॉगर ने उनका वजन बढ़ने की वजह से मजाक उड़ाया और पोस्ट में लिखा, ‘ये खाती क्या है?’ इस पर बॉलीवुड एक्ट्रेस ने रिप्लाई दिया, ‘मैं मां बनी हूं, कुछ अच्छा कीजिए नलिनी।’ वहीं, स्वरा से पहले सोशल मीडिया यूजर्स ने फूड ब्लॉगर की क्लास लगानी शुरू कर दी थी।

अगर ब्लॉगर नलिनी की पोस्ट पर लोगों के रिएक्शन की बात की जाए तो एक ने लिखा,‘बॉडीशेमिंग अच्छी बात नहीं है। मैं तुम्हें अपने फॉलोअर्स की लिस्ट से हटा रही हूं और तुम्हें ब्लॉक कर रही हूं।’ दूसरे ने लिखा, ‘आपको शर्म आनी चाहिए।’ इसके साथ ही एक अन्य यूजर ने स्वरा का पक्ष रखते हुए लिखा कि वो हाल ही में मां बनी हैं, इसलिए उनका वेट बढ़ा हुआ है। यूजर ने ब्लॉगर को टैग करते हुए आगे लिखा कि बड़े हो जाओ और बॉडी शेमिंग बंद करो। इसी तरह से लोग उनकी पोस्ट पर कमेंट्स कर रहे हैं।
ब्लॉगर और स्वरा के बीच शुरू हुई सोशल वॉर
स्वरा भास्कर के रिप्लाई के बाद फूड ब्लॉगर नलिनी ने एक लंबी चौड़ी पोस्ट शेयर की। इसमें लिखा कि ये सब तब शुरू हुआ जब एक ट्वीट में उनकी शाकाहारी जीवनशैली को खारिज किया गया। ब्लॉगर ने लिखा कि उनकी शाकाहारी पोस्ट पर वो नफरत फैलाकर उनके रास्ते में आ गईं। नलिनी का कहना है कि वो नियमित रूप से शाकाहार को बढ़ावा देती हैं और इस पोस्ट को भी इसी का हिस्सा बताया। ब्लॉगर ने स्वरा भास्कर पर निशाना साधते हुए लिखा कि उनकी प्रतिक्रिया ने इसे सांप्रदायिक मुद्दा बना दिया।

मामला यहीं शांत नहीं होता है। नलिनी आगे लिखती हैं कि स्वरा के खाने की पसंद उनकी अपनी है। इससे उनको कोई आपत्ति नहीं। वो शाकाहार को व्यक्त करने के लिए खुद को स्वतंत्र बताती हैं। नलिनी ने स्वरा को हिदायत देते हुए लिखा कि उनके पास काफी फैंस हैं तो ऐसे में कुछ भी टिप्पणी करने से पहले दो बार सोचें कि इसका समाज पर क्या प्रभाव पड़ सकता है। ब्लॉगर ने ये भी कहा कि ऐसी चीजें उन जैसे लोगों के लिए परेशान का सबब बन सकती हैं। अंत में उन्होंने स्वरा की फोटो को हटा देने की बात भी कही और उनसे उनकी गलती भी मानने के लिए कहा है।
स्वरा ने फिर दिया रिएक्शन
नलिनी की पोस्ट पर स्वरा भास्कर ने एक बार फिर से रिएक्शन दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि वो (ब्लॉगर) इस वजह से परेशान हो गईं कि एक्ट्रेस ने उनकी शाकाहारी वर्चस्व वाली पोस्ट की आलोचना कर दी। इस पोस्ट को स्वरा ने बकरीद से जोड़ा और कहा कि इसका उद्देश्य मुसलमानों को निशाना बनाना था। स्वरा आगे स्वीकारते हुए लिखती हैं कि सब ठीक है मगर शाकाहार पर उनसे बातचीत के बजाय फूड ब्लॉगर ने एक बच्चे को दूध पिलाने वाली मां को शर्मिंदा कपना चुना? उन्होंने अंत में सवाल उठाया कि वो पोषण स्पेशलिस्ट हैं?
बहरहाल, अगर इस बहस की शुरुआत की बात की जाए तो ये तब शुरू हुआ जब नलिनी ने अपनी खाने की प्लेट का एक फोटो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। इसमें पनीर और फ्राइड राइस रखा था। फोटो को शेयर करने के साथ ही उन्होंने लिखा था कि उन्हें वेजिटेरियन होने पर गर्व है। ब्लॉगर ने आगे भी लिखा था कि उनकी प्लेट आंसुओं, क्रूरता और पाप से मुक्त है।