बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर तमाम समसामयिक मुद्दों पर बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए मशहूर हैं। हिजाब विवाद पर वह पहले दिन से ही खुलकर अपनी राय रख रही हैं और छात्राओं का समर्थन करती दिख रही हैं। अब स्वरा ने सोशल मीडिया पर हिजाब मुद्दे को लेकर ताजा ट्वीट किया जो वायरल हो गया है।

स्वरा भास्कर ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘महाभारत में द्रौपदी के जबरन कपड़े उतारे गए थे…और सभा में बैठे ज़िम्मेदार, शक्तिशाली, क़ानून बनाने वाले देखते रहे…ऐसे ही आज याद आया।’

सोशल मीडिया यूजर्स स्वरा के इस ट्वीट पर जमकर रिएक्ट कर रहे हैं। इसके साथ ही तमाम लोग यूं द्रौपदी से इस मामले की तुलना करने पर स्वरा भास्कर की आलोचना कर रहे हैं। बता दें कि इससे पहले भी स्वरा भास्कर हिजाब मामले पर अपनी कई तीखी प्रतिक्रियाएं दे चुकी हैं।

इससे पहले स्वरा भास्कर ने मुस्लिम छात्रा का वीडियो शेयर किया था जिसके पीछे भगवा स्कार्फ वाले लड़के धार्मिक नारेबाजी कर रहे थे। वीडियो की आलोचना करते हुए स्वरा भास्कर ने उन लड़कों को ‘भेड़िया’ कहा था।

सोनम कपूर के बयान पर भी विवाद: स्वरा भास्कर के साथ साथ तमाम सेलेब्स भी इस मुद्दे पर अपना नजरिया पेश कर रहे हैं। अभिनेत्री सोनम कपूर की पोस्ट भी खूब चर्चा में रही। सोनम कपूर ने हिजाब मुद्दे को सिख लोगों की पगड़ी के साथ जोड़ दिया था। ऐसा करने पर सोनम कपूर की खूब आलोचना हुई थी।

क्या है मामला: बता दें कि मामले की शुरुआत उडुपी के गवर्नमेंट गर्ल्स पीयू कॉलेज से शुरू हुई। यहां की 6 छात्राओं ने आरोप लगाया कि उन्हें हेडस्कार्फ़ पहनने की वजह से उन्हें क्लास में आने से रोक दिया गया था। धीरे-धीरे उडुपी के अलावा दूसरे कॉलेजों में भी इस मामले ने तूल पकड़ लिया। कई कॉलेजों में हिजाब पर प्रतिबंध लगा दिया गया। जिसके बाद इसका तीखा विरोध देखने को मिला।

इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की फैल गया, जिसमें बुर्का पहने एक छात्रा कॉलेज में पहुंचती है। इसके बाद भगवा स्कार्फ पहने लड़कों का एक झुंड नारेबाजी करने लगता है और छात्रा का पीछा करना शुरू कर देता है। छात्रा भी अल्लाहू अकबर के नारे लगाती दिख रही है।