सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म कबाली के निर्माताओं ने दावा किया है कि फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन 250 करोड़ रुपए की कमाई की है। कबाली इसी शुक्रवार को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज की गई है। कबाली ने सिर्फ तमिलनाडु के सिनेमाघरों से ही 100 करोड़ की कमाई की है। फिल्म निर्माताओं के अनुसार फिल्म ने पहले ही दिन 250 करोड़ रुपए कमाए हैं। जिनमें अकेले तमिलनाडु से 100 करोड़ और बाकी पूरे देश से 150 करोड़ रुपए की कमाई शामिल है। कबाली पूरी दुनिया में करीब 8 से 10 हजार स्क्रीन पर रिलीज की गई है।

अमेरिका में यह फिल्म 480 स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। मलेशिया के 490 स्क्रीन पर और गल्फ देशों में 500 स्क्रीन पर यह फिल्म दिखाई जाएगी।  फिल्म ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, स्ट्जिरलैंड, डेनमार्क, हालैंड, स्वीडन, दक्षिण अफ्रीका और नाइजीरिया में रिलीज हुई है। कबाली का निर्देशन पा रंजीथ ने किया है। फिल्म में राधिका आप्टे, धनशिका भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में है। फिल्म के निर्माताओं ने कहा कि ये अब तक किसी भारतीय एक्टर की फिल्म का सबसे शानदार प्रदर्शन है। यह बताता है कि सिर्फ एक ही सुपरस्टार हैं और वो रजनीकांत है।